भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के प्लांट परिसर से करीब 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल चोरी कर बाहर ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपियों ने केबल को कार में लोड कर लिया था, लेकिन इसी दौरान CISF जवानों की नजर उन पर पड़ गई। इसके बाद भिलाई भट्ठी पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल, जिसकी कीमत करीब ₹50 हजार बताई गई है, बरामद की है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब ₹80 हजार बताई गई है।
CISF की नजर पड़ते ही खुला मामला
3 सितंबर को BSP की सुरक्षा में तैनात CISF इकाई की ओर से भिलाई भट्ठी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसमें बताया गया कि कुछ लोग प्लांट परिसर में प्रवेश कर स्क्रैब कॉपर केबल चोरी कर उसे कार के जरिए बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में हरीश बाग, प्रेम बंजारे, दीपक ठाकुर, अंकुश ठाकुर और प्रीतम कुमार की कथित संलिप्तता सामने आई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर BSP से स्क्रैब कॉपर केबल चोरी करने की योजना बनाई थी। चोरी के बाद केबल को कार के जरिए प्लांट से बाहर ले जाने की तैयारी थी।

100 किलो कॉपर केबल और 4 मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी बताई जगह से करीब 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल बरामद की। इसकी अनुमानित कीमत ₹50 हजार है। इसके अलावा पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए चार मोबाइल फोन भी जब्त किए, जिनकी कीमत करीब ₹30 हजार बताई गई है। इस तरह पुलिस के अनुसार कुल ₹80 हजार की सामग्री जब्त की गई है।
कार में लोड कर रहे थे चोरी का माल
जांच के अनुसार, आरोपियों ने प्लांट परिसर के भीतर स्क्रैब कॉपर केबल को एक जगह इकट्ठा किया और उसे कार में लोड किया। इसके बाद वे केबल को प्लांट से बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान CISF की निगरानी में मामला पकड़ में आ गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को 4 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अन्य लोगों के शामिल होने की भी आशंका है। उनकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की पूरी योजना और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- हरीश बाग, उम्र 24 वर्ष
- दीपक ठाकुर, उम्र 24 वर्ष
- प्रेम बंजारे उर्फ गुड्डू, उम्र 25 वर्ष
- अंकुश ठाकुर उर्फ नौउवा, उम्र 20 वर्ष
- प्रीतम कुमार उर्फ पंचू, उम्र 31 वर्ष
सभी आरोपी दुर्ग जिले के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं।
