टाटा मैजिक में शव मिलने से मचा हड़कंप

टाटा मैजिक में शव मिलने से मचा हड़कंप

रायपुर के धरसींवा थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने एक टाटा मैजिक वाहन से कंबल में लिपटा अज्ञात शव बरामद किया है। पुलिस को देखते ही वाहन चालक कथित तौर पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो अंदर शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। शुरुआती आशंका है कि शव को कहीं ठिकाने लगाने के लिए ले जाया जा रहा था, हालांकि हत्या हुई है या मौत की वजह कुछ और है, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है।

पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर भागे

जानकारी के मुताबिक, धरसींवा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम देर रात कुंवरगढ़ से परसतराई की ओर नहर मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान सामने से एक टाटा मैजिक सवारी वाहन आता दिखाई दिया। उसके पीछे दो बाइक भी चल रही थीं। पुलिस का दावा है कि वाहन और बाइक सवार पुलिस की गाड़ी देखकर संदिग्ध तरीके से भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो चालक टाटा मैजिक छोड़कर फरार हो गया।

धरसींवा में टाटा मैजिक वाहन से बरामद कंबल में लिपटा शव

गाड़ी की तलाशी में मिला शव

वाहन की जांच करने पर पुलिस को अंदर कंबल में लिपटा एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शव मिलने की सूचना से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने वाहन को कब्जे में लेकर शव के संबंध में जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अभी सामने नहीं आई है।

हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने की आशंका

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या व्यक्ति की हत्या के बाद शव को किसी सुनसान जगह पर ठिकाने लगाने के लिए ले जाया जा रहा था। हालांकि, फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं हुई है और मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध आरोपी को पकड़ लिया है, जो रावाभाठा का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पूछताछ और आगे की जांच के बाद शव की पहचान, मौत की वजह और पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *