सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की तीन दिवसीय हड़ताल शुरू होने से पहले छत्तीसगढ़ के बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। रविवार को जिले के 23 बैंकों की 97 शाखाओं में सामान्य दिनों की तरह कामकाज होगा। ग्राहक इन शाखाओं में पहुंचकर जरूरी बैंकिंग और लेन-देन से जुड़े काम निपटा सकेंगे।
एसबीआई के शाखा प्रबंधक समीर कुमार के अनुसार, सोमवार से प्रस्तावित बैंक हड़ताल को देखते हुए रविवार को बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज संचालित करने की व्यवस्था की गई है।
23 बैंकों में होगा काम
जिले की 23 बैंकों के अधिकारी और कर्मचारी रविवार को ग्राहकों के लिए उपलब्ध रहेंगे। बैंक प्रबंधन ने तीन दिवसीय हड़ताल के कारण लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए यह व्यवस्था की है।
28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर 28 सितंबर से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। इस दौरान सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में सामान्य शाखा संचालन प्रभावित रहेगा।
हड़ताल से पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद हैं। इसके बाद रविवार की छुट्टी और फिर सोमवार से बुधवार तक प्रस्तावित हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाओं पर लगातार कई दिनों तक असर पड़ने की स्थिति बन रही थी।
इसी को देखते हुए छत्तीसगढ़ में रविवार को शाखाएं खोलकर ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का अवसर दिया जा रहा है।
ATM और UPI से लेन-देन जारी रहेगा
हड़ताल के दौरान सार्वजनिक बैंकों की शाखाएं बंद रहेंगी, लेकिन ATM और UPI के जरिए डिजिटल लेन-देन जारी रखा जा सकेगा।
एसबीआई शाखा प्रबंधक के मुताबिक जिले के सभी 23 बैंकों के ATM में पर्याप्त नकदी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। कैश सप्लाई करने वाली कंपनी को भी हड़ताल के तीनों दिनों के दौरान नकदी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैंक प्रबंधन ने ग्राहकों से अपील की है कि हड़ताल के दौरान जरूरी नकद निकासी और शाखा से जुड़े कार्यों के लिए रविवार को उपलब्ध बैंकिंग सुविधा का उपयोग कर सकते हैं।
