छत्तीसगढ़ में एक बार फिर स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। प्रदेश में अब तक 130 लोगों के संक्रमित होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से करीब 100 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है और स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है।
दुर्ग में 13 मरीजों का इलाज जारी
दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू के 13 मामले सामने आए हैं। भिलाई और दुर्ग के अलग-अलग अस्पतालों में संक्रमित मरीजों का इलाज जारी है। मामलों में बढ़ोतरी के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर है। जिला सर्विलांस अधिकारी की ओर से लोगों के लिए संक्रमण से बचाव को लेकर जरूरी सावधानियां बताई गई हैं।
इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगर तेज बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दें तो इसे सामान्य सर्दी-जुकाम समझकर नजरअंदाज न करें। ऐसे लक्षण होने पर नजदीकी अस्पताल में चिकित्सकीय सलाह लेने और आवश्यक जांच कराने की अपील की गई है।
भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी जरूरी
स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण से बचाव के लिए भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क का इस्तेमाल करने और हाथों की साफ-सफाई का ध्यान रखने की सलाह दी है। प्रशासन का कहना है कि संक्रमण की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि समय रहते जरूरी कदम उठाकर इसके प्रसार को नियंत्रित किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग लगातार कर रहा निगरानी
स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, प्रदेश में स्वाइन फ्लू को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। विभाग संक्रमित मरीजों की स्थिति और नए मामलों की लगातार निगरानी कर रहा है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने, लक्षणों को नजरअंदाज न करने और जरूरत पड़ने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की सलाह दी गई है।
