जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की मौत के बाद राज्य सरकार ने त्वरित राहत की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर दोनों दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। यह सहायता जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा दी जा रही राहत राशि से अलग होगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर तत्काल हरकत में आई सरकार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत और समन्वय के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर छत्तीसगढ़ सरकार के दो वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत जम्मू-कश्मीर भेजा गया, जो पीड़ित परिवारों के साथ लगातार संपर्क में रहकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और राज्य सरकार हर संभव सहयोग उपलब्ध कराएगी।
जम्मू-कश्मीर प्रशासन से किया समन्वय
जम्मू-कश्मीर पहुंचे अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन से समन्वय स्थापित कर राहत कार्यों की जानकारी ली। वहां की सरकार ने दोनों पीड़ित परिवारों को दो-दो लाख रुपये की अंतरिम सहायता उपलब्ध करा दी है। साथ ही 14-14 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता भी शीघ्र जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।
परिवारों के सुरक्षित लौटने तक साथ रहेंगे अधिकारी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जब तक दोनों परिवार सुरक्षित अपने गृह जिलों तक नहीं पहुंच जाते, तब तक राज्य सरकार के अधिकारी उनके साथ रहकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
हर संभव मदद का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुलगाम आतंकी हमले में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के दुख को कम नहीं किया जा सकता, लेकिन राज्य सरकार इस कठिन समय में पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवारों को हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
