डिप्टी CM साव ने किया नेतृत्व, 92 फीट तिरंगा रहा आकर्षण

डिप्टी CM साव ने किया नेतृत्व, 92 फीट तिरंगा रहा आकर्षण

कांकेर। स्वतंत्रता दिवस से पहले कांकेर शहर में देशभक्ति के रंग देखने को मिले। उप मुख्यमंत्री और कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। करीब ढाई किलोमीटर लंबी इस पैदल यात्रा में जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, विद्यार्थियों, अधिकारी-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने हिस्सा लिया। विधायक आशाराम नेताम और छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत भी यात्रा में शामिल हुईं।

नरहरदेव स्कूल से शुरू हुई तिरंगा यात्रा

तिरंगा यात्रा की शुरुआत शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के खेल मैदान से हुई। इसके बाद यात्रा नगर घड़ी चौक, ऊपर-नीचे रोड, मस्जिद चौक और गांधी चौक से होते हुए नवनिर्मित मिनी स्टेडियम परिसर पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज नजर आया। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारे गूंजते रहे और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

वंदे मातरम् के गायन से हुआ शुभारंभ

तिरंगा यात्रा की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। शहर के अलग-अलग स्थानों पर नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया। कई लोगों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के लिए चॉकलेट और टॉफियां भी बांटीं। सेंट माइकल इंग्लिश स्कूल की छात्राओं की बैंड टोली ने राष्ट्रगीत की धुन पर वाद्य यंत्र बजाते हुए मार्चपास्ट किया।

92 फीट लंबे तिरंगे ने खींचा ध्यान

यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने 92 फीट लंबा और 5 फीट चौड़ा तिरंगा प्रदर्शित किया। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते समय विशाल तिरंगा लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। इस दौरान लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना से जोड़ने का संदेश भी दिया गया।

9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान

केंद्र और राज्य सरकार के निर्देश पर 9 अगस्त से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कांकेर में निकाली गई तिरंगा यात्रा का उद्देश्य भी लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और वंदे मातरम् के गायन के लिए प्रेरित करना था। यह आयोजन केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के निर्देश पर वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर किया गया।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

तिरंगा यात्रा में कांकेर नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, एसपी निखिल राखेचा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। जिला पंचायत उपाध्यक्ष तारा ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष उत्तम यादव, पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले, जिला पंचायत CEO हरेश मंडावी और जिला शिक्षा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी रमेश निषाद समेत बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी यात्रा में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *