मध्य प्रदेश के देवास-इंदौर रोड पर सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा रसूलपुर बायपास पर ट्रांसपोर्ट नगर के सामने हुआ। टक्कर के बाद बस घूमते हुए बायपास से नीचे उतर गई।
हादसे में बस में सवार 30 वर्षीय आस्था जोशी, निवासी रामनगर देवास, बस से बाहर जा गिरीं। उन्हें गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया।
बस में 30 से ज्यादा यात्री थे सवार
हादसा सोमवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। दुर्घटना के समय बस क्रमांक MP13-P1510 में 30 से अधिक यात्रियों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। इनमें बड़ी संख्या देवास और इंदौर के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की थी।
आस्था जोशी भी इंदौर की एक निजी कंपनी में काम करती हैं और रोजाना देवास से इंदौर अप-डाउन करती हैं। हादसे में कुछ अन्य यात्रियों को भी मामूली चोटें आने की जानकारी है।
टायर फटने से बस अनियंत्रित होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस का टायर फटने के कारण संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।
हादसे के बाद बस का चालक और कंडक्टर मौके से चले गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी अमित सोलंकी के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। बस को जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इसमें बस की तकनीकी स्थिति और दुर्घटना से पहले की परिस्थितियों को भी देखा जाएगा।
देवास-इंदौर रूट पर बसों की रफ्तार पर सवाल
देवास-इंदौर मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में यात्री बसों से सफर करते हैं। इनमें देवास से इंदौर और इंदौर से देवास रोजाना आने-जाने वाले यात्री भी शामिल हैं।
स्थानीय स्तर पर इस रूट पर निजी बसों के मेंटेनेंस और तेज रफ्तार को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। हालांकि, मौजूदा हादसे में बस के रखरखाव की कमी को कारण बताने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बसों के बीच प्रतिस्पर्धा की भी शिकायतें
इस मार्ग पर चलने वाली बसों के परमिट और टाइमिंग में कम अंतर होने के कारण एक ही समय में कई बसें सड़क पर दिखाई देती हैं। यात्रियों को पहले बैठाने और निर्धारित स्थान पर पहले पहुंचने की कोशिश के कारण बसों के बीच प्रतिस्पर्धा की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।
फिलहाल पुलिस का ध्यान सोमवार को हुए हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच पर है।
