रायपुर: राजधानी रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी दिए जाने के मामले में पुलिस की जांच आगे बढ़ गई है। पुलिस ने शनिवार देर रात शराब कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इसके अलावा बीजेपी नेता के भांजे टीनू भारद्वाज को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। दोनों से तेलीबांधा थाना पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले में पहले जांजगीर-चांपा निवासी एक युवक को पकड़ा गया था। वह एक होटल में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता है। आरोप है कि उसी से बिश्नोई गैंग के नाम पर आनंद कुकरेजा को फोन करवाकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।
पूछताछ में सामने आया शोएब ढेबर का नाम
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दिल्ली क्राइम ब्रांच की मदद से व्हाट्सऐप और तकनीकी इनपुट के आधार पर जांजगीर-चांपा के युवक तक पहुंच बनाई। पूछताछ के दौरान शोएब ढेबर का नाम सामने आने के बाद रायपुर पुलिस ने शनिवार रात उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि धमकी देने के लिए इस्तेमाल की गई इंटरनेट कॉल से शोएब ढेबर का क्या संबंध था। आरोप है कि इंटरनेट कॉल करने के लिए शोएब ने हॉटस्पॉट उपलब्ध कराया था। हालांकि, धमकी की साजिश में उसकी भूमिका थी या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
टीनू भारद्वाज और होटल के कर्मचारियों से भी पूछताछ
जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने टीनू भारद्वाज को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। इसके अलावा होटल के तीन कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आनंद कुकरेजा को धमकी देने की पूरी साजिश किसने तैयार की, फोन किसके कहने पर कराया गया और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पहले एजाज ढेबर से मांगे गए थे 50 करोड़
इससे पहले रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर को भी लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग के नाम पर कथित तौर पर 50 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाला धमकी भरा फोन मिला था। इस मामले में एजाज ढेबर ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी और पुलिस ने जांच शुरू की थी।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आनंद कुकरेजा को मिली कथित धमकी और एजाज ढेबर से जुड़ी पिछली धमकी के बीच कोई आपसी कनेक्शन है या नहीं। इससे पहले की घटना में भी पुलिस इस बात की जांच कर रही थी कि कॉल करने वाला वास्तव में किसी गिरोह से जुड़ा था या केवल गैंग का नाम इस्तेमाल कर धमकी दी गई थी।
फिलहाल शोएब ढेबर, टीनू भारद्वाज और अन्य लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
