छत्तीसगढ़ अब सिर्फ अपनी प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक पहचान के लिए ही नहीं, बल्कि खेल आयोजनों के लिए भी नई पहचान बना रहा है। इसी कड़ी में नवा रायपुर में आयोजित ‘DP World Nava Raipur Open 2026’ को प्रदेश की खेल यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से पहुंचे प्रोफेशनल गोल्फ खिलाड़ियों का स्वागत किया। 1983 क्रिकेट विश्व कप विजेता भारतीय टीम के कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (PGTI) के अध्यक्ष कपिल देव की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
CM साय ने खुद खेला गोल्फ, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
ट्रॉफी अनावरण के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गोल्फ कोर्स पर खुद भी हाथ आजमाया। उन्होंने गोल्फ शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री को गोल्फ खेलते देखकर वहां मौजूद खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और अतिथियों में भी उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि DP World Nava Raipur Open 2026 आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बन सकता है। उनका मानना है कि इस तरह के बड़े आयोजन नवा रायपुर को देश और दुनिया के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में मदद करेंगे।
132 प्रोफेशनल खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
इस प्रतियोगिता में देश-विदेश के कुल 132 प्रोफेशनल गोल्फ खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर प्रोफेशनल खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ आना प्रदेश में तैयार हो रहे बेहतर खेल वातावरण का संकेत है।
उन्होंने कहा कि बड़े खेल आयोजनों का असर केवल मैदान तक सीमित नहीं रहता। इससे प्रदेश की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होती है, खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलता है और स्थानीय युवाओं को बड़े खिलाड़ियों को करीब से देखने तथा उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।
‘पहले फिल्मों में देखते थे गोल्फ, आज खुद मेजबानी कर रहे’
मुख्यमंत्री साय ने गोल्फ से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को साझा करते हुए कहा कि पहले गोल्फ के बारे में सुनते थे या फिल्मों में लोगों को यह खेल खेलते देखते थे। आज छत्तीसगढ़ में प्रोफेशनल गोल्फ के बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी होना प्रदेश में बदलती खेल संस्कृति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि गोल्फ को पहले आमतौर पर उद्योगपतियों और संपन्न वर्ग से जुड़े खेल के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब इसका दायरा लगातार बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ में भी इस खेल की संभावनाएं बढ़ रही हैं और राज्य सरकार गोल्फ के विकास के लिए आवश्यक सुविधाओं और आयोजनों में सहयोग करेगी।
खेल अधोसंरचना और खिलाड़ियों के लिए बढ़ रहे अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के साथ खेलों को जोड़कर आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है और राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न खेल आयोजनों की मेजबानी की जा रही है।
प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंच उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन को बजट में शामिल किया गया है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रतिभाओं के आगे बढ़ने में संसाधनों और अवसरों की कमी बाधा न बने।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने नेशनल ट्राइबल गेम्स, बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों का भी जिक्र किया, जिनमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और युवाओं ने भाग लिया।
बस्तर में खेलों के जरिए बदल रही तस्वीर
मुख्यमंत्री साय ने बस्तर में शांति और विकास के साथ युवाओं को मिल रहे नए अवसरों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक में युवाओं की भागीदारी बदलते बस्तर की तस्वीर दिखाती है।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी और एथलेटिक्स सहित कई खेलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। अब प्रोफेशनल गोल्फ के बड़े आयोजन छत्तीसगढ़ की खेल यात्रा को एक नया आयाम दे रहे हैं।
खिलाड़ियों से छत्तीसगढ़ घूमने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल देश-विदेश के खिलाड़ियों से अपील की कि वे गोल्फ के साथ छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति को भी करीब से देखें।
उन्होंने बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात और सरगुजा के प्राकृतिक स्थलों का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों को प्रदेश के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का न्योता दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ी जब छत्तीसगढ़ से लौटें तो उनके साथ यहां के आत्मीय आतिथ्य और खूबसूरत यादें भी जाएं।
हर साल छत्तीसगढ़ में हो गोल्फ टूर्नामेंट: कपिल देव
PGTI के अध्यक्ष और 1983 विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव ने टूर्नामेंट के आयोजन में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री साय और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रोफेशनल आयोजन खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ नई प्रतिभाओं को प्रेरित करते हैं।
कपिल देव ने इच्छा जताई कि यह प्रतिष्ठित गोल्फ प्रतियोगिता हर साल छत्तीसगढ़ में आयोजित हो और आने वाले वर्षों की तारीखें पहले से तय की जाएं, ताकि देश-विदेश के खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकें।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए अनुकूल है और खिलाड़ियों को यहां मिलने वाला आतिथ्य भी इसकी खास पहचान है। उनके अनुसार आने वाले समय में छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन में अपनी जगह बना सकता है।
PGTI के CEO अमनदीप चहल ने भी छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों को मिलने वाले स्वागत और व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां खेलने वाले खिलाड़ी गोल्फ कोर्स और वातावरण से प्रभावित होकर दोबारा आने की इच्छा जताते हैं।
DP World Nava Raipur Open 2026 के आयोजन से नवा रायपुर को प्रोफेशनल गोल्फ के बड़े मंच पर पहचान मिलने के साथ प्रदेश में खेल पर्यटन और खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बड़े खेल आयोजनों और बेहतर होती खेल अधोसंरचना के जरिए छत्तीसगढ़ आने वाले समय में देश के प्रमुख स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
