Headlines

पैंट का रंग निकलने पर विवाद, दुकान मैनेजर ने ग्राहक को पीटा

दुर्ग ट्रेड सेंटर की कपड़ा दुकान में पैंट का रंग निकलने की शिकायत पर ग्राहक और मैनेजर के बीच हुए विवाद से जुड़ी सांकेतिक तस्वीर दुर्ग में कपड़े का रंग निकलने पर विवाद, ग्राहक से मारपीट का आरोप
छत्तीसगढ़ के दुर्ग में कपड़े का रंग निकलने की शिकायत को लेकर एक कपड़ा दुकान में विवाद का मामला सामने आया है। दुर्ग ट्रेड सेंटर स्थित B-1 मेंस फैशन में ग्राहक और दुकान के मैनेजर के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मारपीट तक पहुंच गई। ग्राहक ने मैनेजर पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस दौरान ग्राहक की सोने की चेन और उसकी पत्नी का मंगलसूत्र भी टूट गया। मामले में राजनांदगांव निवासी ज्वेलर्स कारोबारी भूपेन्द्र कुमार जैन ने 30 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

एक अक्टूबर को खरीदी थी पैंट, सफेद कपड़े पर चढ़ गया रंग

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, भूपेन्द्र कुमार जैन ने 1 अक्टूबर 2026 को दुर्ग के पुलगांव-पोटिया रोड स्थित दुर्ग ट्रेड सेंटर के B-1 मेंस फैशन से कपड़े खरीदे थे। 4 अक्टूबर को कपड़े मिलने के बाद उन्होंने नीले रंग की पैंट पहनी।

आरोप है कि पैंट का रंग निकलकर उनके सफेद अंडरवियर पर लग गया, जिससे कपड़े की गुणवत्ता खराब हो गई। इसके बाद उन्होंने दुकान संचालकों से इसकी शिकायत करने का फैसला किया।

मैनेजर ने कपड़ा बदलने का दिया था आश्वासन

भूपेन्द्र जैन के अनुसार, वह 5 अक्टूबर को पैंट लेकर दुकान पहुंचे और मैनेजर-कर्मचारी विजय बैद को इसकी जानकारी दी। इस पर विजय ने दो-तीन दिन के भीतर पैंट कंपनी को भेजकर बदलवाने का आश्वासन दिया था।

हालांकि, कई दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें कपड़ा बदलने को लेकर कोई सूचना नहीं मिली। इसके बाद 15 से 22 अक्टूबर के बीच वह दोबारा दुकान पहुंचे, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

24 अक्टूबर को दुकान में हुई मारपीट

शिकायत के अनुसार, 24 अक्टूबर को फोन पर पैंट बदलने को लेकर भूपेन्द्र और विजय बैद के बीच बातचीत हुई। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया।

इसके बाद शाम करीब 7:30 बजे भूपेन्द्र अपनी पत्नी भूमिका जैन के साथ दुकान पहुंचे। यहां कपड़े को लेकर बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। भूपेन्द्र का आरोप है कि विजय बैद ने उनके साथ अश्लील गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

पत्नी का मंगलसूत्र और ग्राहक की सोने की चेन टूटी

भूपेन्द्र जैन के मुताबिक, मारपीट के दौरान उनके दाहिने पैर और सीने में चोट आई। इस दौरान उनके गले में पहनी सोने की चेन टूट गई। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी भूमिका के साथ भी धक्का-मुक्की हुई, जिससे उनका सोने का मंगलसूत्र टूट गया।

घटना के बाद भूपेन्द्र ने 30 अक्टूबर को पुलिस थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


मुख्यधारा छत्तीसगढ़ का डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जहाँ राजनीति, खेल, व्यापार, पर्यावरण और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता दी जाती है। हमारा उद्देश्य प्रदेश की ताज़ा, निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुँचाना और जनता के मुद्दों को मुख्यधारा में लाना है।

मुख्य संपादक: धनवेन्द्र जायसवाल
मोबाइल नंबर: 8109086053, 9232897908
ईमेल: mukhyadhara09@gmail.com

कार्यालय का पता:
A8, शंकर नगर, मेन रोड, सेक्टर 1,
शंकर नगर, रायपुर, 492004