पहली बाइक रेंटल सर्विस बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर शुरू…

पहली बाइक रेंटल सर्विस बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर शुरू…

छत्तीसगढ़ में रेलवे यात्रियों के लिए एक नई सुविधा शुरू की गई है। दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर अपनी पहली बाइक रेंटल सर्विस शुरू की है। इस सुविधा के जरिए यात्री स्टेशन से शहर के अलग-अलग हिस्सों तक आसानी से और कम खर्च में पहुंच सकेंगे। रेलवे के मुताबिक, यह सेवा पर्यटकों, छात्रों, कारोबारी यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के लिए भी उपयोगी होगी। यात्री अपनी जरूरत और समय के हिसाब से बाइक किराए पर लेकर शहर में आवागमन कर सकेंगे।

100 रुपये से शुरू होगा बाइक का किराया

रेलवे ने बाइक किराए की अवधि के अनुसार अलग-अलग दरें तय की

  • 4 घंटे तक: 100 रुपये
  • 4 से 8 घंटे: 200 रुपये
  • 8 से 16 घंटे: 300 रुपये
  • 16 से 24 घंटे: 400 रुपये

24 घंटे और सातों दिन मिलेगी सुविधा

बाइक रेंटल सुविधा को बिलासपुर रेलवे स्टेशन परिसर में कोच रेस्टोरेंट के पास स्थापित किया गया है। यह सेवा सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। बाइक किराए पर लेने के लिए यात्री को वैध ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड की कॉपी जमा करानी होगी।

ऑटो-टैक्सी के इंतजार से मिलेगी राहत

रेलवे के अनुसार, ट्रेन से उतरने के बाद शहर में कम दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को इस सुविधा से विशेष लाभ होगा। यात्रियों को ऑटो या टैक्सी के लिए इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी। वे अपनी सुविधा के मुताबिक बाइक लेकर सीधे अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इससे स्थानीय आवागमन में लगने वाले समय और खर्च को कम करने में मदद मिल सकती है।

पर्यटकों और छात्रों के लिए भी उपयोगी

रेलवे का कहना है कि बाइक रेंटल सुविधा केवल ट्रेन यात्रियों तक सीमित नहीं है। पर्यटक, छात्र, कारोबारी और स्थानीय नागरिक भी इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। शहर घूमने या अलग-अलग स्थानों पर निजी काम से जाने वाले लोगों को भी इससे सुविधा मिलेगी।

प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने किया उद्घाटन

दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे की इस पहली बाइक रेंटल सेवा का उद्घाटन प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार ने किया। इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह सहित वाणिज्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। रेलवे के मुताबिक, बिलासपुर स्टेशन पर बाइक रेंटल सेवा शुरू करना यात्रियों को आधुनिक, किफायती और सुविधाजनक स्थानीय परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *