रायपुर-नागपुर रेल मार्ग पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम ने डीआरआई नागपुर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से करीब 1.96 करोड़ रुपये का विदेशी सोना बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्धों को भी पकड़ा गया है। टीम ने दोनों के कब्जे से कुल 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया है। बरामद सोने में सात सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल है। जब्त सोने की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपये बताई गई है।
विश्वसनीय सूचना के बाद शुरू हुई जांच
जानकारी के मुताबिक, आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को ट्रेन के जरिए विदेशी सोने की तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नागपुर और रायपुर आरपीएफ क्राइम ब्रांच की टीम ने डीआरआई नागपुर के अधिकारियों के साथ मिलकर जांच शुरू की। संयुक्त टीम ने ट्रेन नंबर 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में रायपुर से नागपुर के बीच सघन तलाशी अभियान चलाया।
B-12 कोच में मिले दो संदिग्ध
तलाशी के दौरान टीम को ट्रेन के B-12 कोच में दो संदिग्ध व्यक्ति मिले। पूछताछ और तलाशी के बाद दोनों को भंडारा-नागपुर के बीच पकड़ लिया गया। तलाशी में उनके पास से 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ बरामद हुई। कुल वजन करीब 1.242 किलोग्राम पाया गया।
1.96 करोड़ रुपये का विदेशी सोना जब्त
अधिकारियों के अनुसार बरामद सोने की अनुमानित कीमत ₹1,96,34,307 है। सोने को जब्त करने के बाद आरपीएफ की टीम ने दोनों संदिग्धों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए डीआरआई नागपुर के सुपुर्द कर दिया।
कस्टम एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
डीआरआई नागपुर ने मामले में कस्टम अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
