ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में 3 करोड़ का विदेशी सोना जब्त…

ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में 3 करोड़ का विदेशी सोना जब्त…

ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस (12102) में करोड़ों रुपये के विदेशी सोने की तस्करी का मामला सामने आया है। नागपुर और गोंदिया आरपीएफ क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने नागपुर डीआरआई के साथ कार्रवाई करते हुए ट्रेन से 2.166 किलोग्राम सोने के बिस्किट बरामद किए हैं। जब्त सोने की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 9 लाख 40 हजार 881 रुपये बताई गई है। मामले में एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है।

भारत-बांग्लादेश सीमा से तस्करी की सूचना

डीआरआई नागपुर को सूचना मिली थी कि भारत-बांग्लादेश सीमा के रास्ते कथित तौर पर तस्करी कर लाया गया सोना रेल मार्ग के जरिए देश के दूसरे हिस्से में भेजा जा सकता है। जानकारी में बताया गया था कि यह सोना ट्रेन संख्या 12102 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के जरिए एक व्यक्ति के माध्यम से आगे पहुंचाया जाना है। सूचना मिलने के बाद डीआरआई और रेलवे सुरक्षा बल की टीमों ने निगरानी बढ़ा दी और नागपुर रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध यात्रियों पर नजर रखी गई।

संदिग्ध यात्री की तलाशी में मिला सोना

निगरानी के दौरान एक यात्री की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। अधिकारियों ने उसकी तलाशी ली तो उसके सामान में छिपाकर रखा गया सोना बरामद हुआ। जांच के दौरान कुल 2.166 किलो सोने के बिस्किट जब्त किए गए। अधिकारियों ने बरामद सोने की कीमत 3.09 करोड़ रुपये से अधिक आंकी है। इसके बाद आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।

सीमा शुल्क अधिनियम के तहत मामला दर्ज

मामले में आरोपी के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी DRI

सोना जब्त करने के बाद अब डीआरआई पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का पता लगाने का प्रयास है कि सोना कहां से लाया गया था और इसे देश के किस हिस्से में पहुंचाया जाना था। जांच में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की संभावना है। बरामद सोने को सरकारी खजाने में जमा कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, भारत-बांग्लादेश सीमा से होने वाली सोने की तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *