छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने नारायणपुर जिले के पालकी गांव का दौरा कर बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों का हालचाल जाना, उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
राहत राशि और कंबलों का किया वितरण
दौरे के दौरान मंत्री श्री कश्यप ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सहायता राशि के चेक और कंबलों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय जरूरतमंद लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन लगातार हालात की निगरानी कर रहा है ताकि प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर सहायता पहुंच सके।
राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी के निर्देश
वन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। सरकार का लक्ष्य राहत और पुनर्वास कार्यों को तेज गति से पूरा कर प्रभावित परिवारों के जीवन को जल्द सामान्य बनाना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्न, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जिन परिवारों को अतिरिक्त सहायता की जरूरत है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लाभ देने के निर्देश भी दिए गए।
हर प्रभावित परिवार के साथ सरकार
मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर जरूरतमंद तक राहत और सहायता पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है और इस दिशा में प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी परिवार को आवश्यक सुविधाओं से वंचित न रहना पड़े।
