रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया अचानक रायपुर पहुंचे हैं। पुनिया के आने की सूचना पीसीसी की ओर से नहीं दी गई थी। इससे पहले भी पुनिया रायपुर आने वाले थे, लेकिन अचानक उनका दौरा रद्द हो गया था। अब पीएल पुनिया के अचानक रायपुर पहुंचने से एक बार फिर निगम मंडलों में नियुक्तियों की ओर नजर जमा कर बैठे लोगों की उम्मीदें जाग गई है। बीच में पीएल पुनिया का छत्तीसगढ़ प्रवास स्थगित होने के कारण निगम मंडलों की नियुक्तियों की अटकलों पर विराम लग गया था, लेकिन पुनिया के अचानक पहुंचने से फिर एक बार अटकलें तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि गोपनीय बैठक हो रही है। फिलहाल इसकी कोई पुष्टि नहीं की गई है। हालांकि अभी-अभी प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस के मुख्यालय राजीव भवन के प्रथम तल में रविवार शाम 4 बजे महत्वपूर्ण विषय पर पत्रकारवार्ता होगी। अब देखना है कि प्रदेश कांग्रेस की ओर से क्या रविवार को निगम मंडलों की नियुक्तियों का ऐलान किया जाएगा या फिर अन्य कोई महत्वपूर्ण घोषणा की जाएगी।
