इंदौर में तेज रफ्तार इनोवा का कहर

इंदौर में तेज रफ्तार इनोवा का कहर

मध्य प्रदेश के इंदौर में बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। राऊ इलाके में श्रमिक कॉलोनी के पास हुए इस हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक बुजुर्ग की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, इनोवा करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही थी। इसी दौरान कार ने पहले एक एक्टिवा और फिर तीन बाइक को टक्कर मारी। हादसे के बाद घायलों को कुछ दूरी तक घसीटे जाने की बात भी सामने आई है।

ट्रैक्टर से भी हुई जोरदार टक्कर

दोपहिया वाहनों को टक्कर मारने के बाद बेकाबू इनोवा सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर सड़क के दूसरी तरफ जाकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

एंबुलेंस नहीं मिली तो FRV से अस्पताल भेजे घायल

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी निधि सक्सेना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। बताया गया कि उस समय एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने अपनी FRV (First Response Vehicle) की मदद से घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। हादसे में राजपाल सिंह, भगत सिंह, पवन, मुस्तफा और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं। इनमें एक बुजुर्ग की हालत गंभीर बताई गई है।

पुलिस ने कार जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में लिया

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल इनोवा कार को जब्त कर लिया है। ड्राइवर अमन को हिरासत में लेकर राऊ थाने भेजा गया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और तेज रफ्तार से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *