कोरोनाकाल के चलते टेक और ऑटो इंडस्ट्री के प्रोडक्शन में भारी गिरावट आई है। एक तरफ जहां सेमीकंडक्टर की सप्लाई के चलते स्मार्टफोन और कार को बनाने और उनकी डिलिवरी में देरी हो रही है। तो अब दुनियाभर में चिप की कमी के चलते सैमसंग के OLED डिस्प्ले का प्रोडक्शन प्रभावित हो रहा है। इसका सीधा असर आईफोन के प्रोडक्शन पर भी हो सकता है, क्योंकि आईफोन में OLED डिस्प्ले का इस्तेमाल किया जाता है।
निक्केई एशिया के अनुसार, बड़े बर्फीले तूफान के कारण सैमसंग को टेक्सास में अपने चिप फैब्रिकेशन प्लांट को बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। इस प्लांट से स्मार्टफोन और पर्सनल कंप्यूटर्स के लिए चिप्स की ग्लोबल सप्लाई का 5% हिस्सा उत्पादित होता है। अब इसके बंद होने से चिप्स के बाजार में ग्लोबली बड़ी स्तर पर कमी देखी जा रही है।
आईफोन 12 और एपल वॉच में लगता है OLED डिस्प्ले
आईफोन 12 और एपल वॉच मॉडल्स में इस्तेमाल किए जाने वाले OLED डिस्प्ले को सैमसंग के टेक्सास स्थित प्लांट में बनाया जाता है। अब प्लांट के बंद होने से एपल का प्रोडक्शन भी प्रभावित हो सकता है।
यह प्लांट कार्बनिक प्रकाश उत्सर्जक डायोड पैनल और इमेज सेंसर के लिए भी चिप्स का प्रोडक्शन करता है। क्वालकॉम की सप्लाई की कमी के कारण स्मार्टफोन मैन्युफैक्चर्स की एक बड़ी सीरीज प्रभावित होगी, जो प्रमुख कंपोनेंट्स के लिए कंपनी पर निर्भर हैं।
TSMC डिजाइन सेंटर से भरपाई नहीं होगी
पहले यह उम्मीद की जा रही थी कि एपल वर्तमान चिप की कमी के कारण किसी भी प्रोडक्शन संबंधी दिक्कतों का सामना नहीं करेगी, क्योंकि TSMC डिजाइन सेंटर नए आईफोन 12 सीरीज में उपयोग की जाने वाली A-सीरीज की चिप्स का प्रोडक्शन करता है। ये एंड्रॉएड स्मार्टफोन कंपनियों के विपरीत है, जो कि क्वालकॉम, सैमसंग और अन्य प्रोसेसर पर निर्भर हैं।
