Indiana Alligator News: अमेरिका के इंडियाना (Indiana) राज्य में पिछले एक महीने से स्थानीय प्रशासन और लोगों के लिए सिरदर्द बना मगरमच्छ आखिरकार पकड़ लिया गया। ‘इरविन’ (Irwin) नाम का यह करीब 20 वर्षीय मगरमच्छ जून की शुरुआत से लापता था और लगातार अधिकारियों को चकमा दे रहा था। आखिरकार एक महीने की तलाश के बाद उसे सुरक्षित पकड़कर उसके मालिक को सौंप दिया गया।
कैसे हुआ फरार?
जानकारी के मुताबिक, इरविन मार्क्स आर्क (Mark’s Ark) नामक एक ट्रैवलिंग एक्सोटिक एनिमल शो का हिस्सा है। इसके संचालक मार्क कोलहॉर्स्ट (Mark Kohlhorst) ने बताया कि 5 जून को शो से लौटने के बाद जब वह अपने वाहन से जानवरों को उतार रहे थे, तभी इरविन एक वेंटिलेशन वाले कंटेनर (कूलर) से निकलकर फरार हो गया। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन वह आसपास के तालाबों और जलाशयों में छिपता रहा।
एक महीने तक चलता रहा सर्च ऑपरेशन
मगरमच्छ के भागने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। प्रशासन ने लोगों को तालाबों और पानी वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी। वन्यजीव अधिकारी लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन हर बार वह पानी में गायब हो जाता था। इस दौरान पड़ोसियों ने बच्चों और पालतू जानवरों की सुरक्षा को लेकर चिंता भी जताई।
आखिर कैसे पकड़ा गया?
करीब एक महीने बाद 5 जुलाई को इरविन पास के एक तालाब में दिखाई दिया। मालिक ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। बाद में एक स्थानीय व्यक्ति ने मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया और उसे इंडियाना डिपार्टमेंट ऑफ नेचुरल रिसोर्स्स (DNR) के अधिकारियों को सौंप दिया। इसके बाद अधिकारियों ने इरविन को सुरक्षित उसके मालिक के पास वापस पहुंचा दिया।
पहले भी भाग चुके हैं कई जानवर
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बताया कि मार्क्स आर्क परिसर से पहले भी इमू, सूअर और कछुए जैसे जानवर निकल चुके हैं। हालांकि मालिक का कहना है कि ये अलग-अलग और दुर्लभ घटनाएं थीं। उन्होंने दावा किया कि उनके पास यूएसडीए (USDA) का लाइसेंस है और वे सभी सरकारी नियमों का पालन करते हैं। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने विदेशी और खतरनाक जानवरों को रखने संबंधी नियमों की समीक्षा भी शुरू कर दी है।

