अनार के दाने निकालना होगा आसान

अनार के दाने निकालना होगा आसान

अनार स्वादिष्ट होने के साथ-साथ कई लोगों की पसंदीदा फल भी है, लेकिन इसे छीलना और दाने निकालना अक्सर मुश्किल काम लगता है। छिलका हटाने के दौरान हाथों पर रस लग जाता है और कई बार दाने निकालने में काफी समय भी लग जाता है। अगर आप भी इसी वजह से अनार खाने से बचते हैं, तो एक आसान किचन हैक आपके काम आ सकता है। इस तरीके में सिर्फ चाकू, एक कटोरा और लकड़ी का चम्मच चाहिए। इसकी मदद से अनार के दाने काफी आसानी से निकाले जा सकते हैं।

सबसे पहले अनार का ऊपरी हिस्सा काटें

अनार को धोकर साफ कर लें। इसके बाद चाकू की मदद से ऊपर का हिस्सा गोल आकार में सावधानी से काटकर निकाल दें। अब अंदर दिखाई देने वाली सफेद झिल्लियों को ध्यान से देखें। इन्हीं झिल्लियों की दिशा में ऊपर से नीचे की तरफ हल्के चीरे लगाएं। ध्यान रखें कि चाकू सिर्फ छिलके तक जाए और दानों को नुकसान न पहुंचे।

अनार को फूल की तरह खोलें

चीरे लगाने के बाद अनार को दोनों हाथों से हल्का-सा खोलें। यह अलग-अलग हिस्सों में फूल की तरह खुल जाएगा। इसके बाद बीच की सफेद झिल्ली को आसानी से निकाल दें। अब अनार के दाने निकालना पहले से काफी आसान हो जाएगा।

यह भी पढ़े:- राजगिरा पराठा टूटेगा नहीं, ये ट्रिक बनाएगी सॉफ्ट और फूला-फूला

लकड़ी के चम्मच से निकालें सारे दाने

अब एक बड़ा कटोरा लें। अनार के एक हिस्से को उल्टा करके कटोरे के ऊपर पकड़ें। इसके बाद लकड़ी के चम्मच से छिलके के पीछे वाले हिस्से पर हल्के-हल्के थपथपाएं। थपथपाने से दाने छिलके से अलग होकर सीधे कटोरे में गिरने लगेंगे। इस तरीके से आपको हर दाने को हाथ से अलग करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और किचन में भी ज्यादा गंदगी नहीं होगी।

पानी वाला तरीका भी आएगा काम

अगर आप अनार के दानों के साथ चिपकी सफेद झिल्ली को भी आसानी से अलग करना चाहते हैं, तो पानी की मदद ले सकते हैं। अनार के दाने पानी से भरे कटोरे में डाल दें। सफेद झिल्ली हल्की होने के कारण पानी की सतह पर तैरने लगेगी, जबकि अनार के भारी दाने नीचे बैठ जाएंगे। अब ऊपर तैर रही झिल्लियों को निकाल दें और छलनी की मदद से अनार के दानों को अलग कर लें।

अनार खाने का काम हो जाएगा आसान

इस तरह की छोटी-सी किचन ट्रिक अनार के दाने निकालने के काम को काफी आसान बना सकती है। अगली बार अनार खरीदते समय उसे छीलने की चिंता करने के बजाय चाकू और लकड़ी के चम्मच वाली इस ट्रिक को आजमाकर देखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *