छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार किया है। आस्ता थाना क्षेत्र के हर्री गांव में 55 वर्षीय महिला की कुल्हाड़ी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला की बेटी से एकतरफा प्रेम करता था और उसे परेशान करने का आरोप है। महिला ने बेटी को परेशान करने से आरोपी को रोका था। पुलिस ने आरोपी अवधेश राम उर्फ गुटका (30), निवासी कोमडो गांव को झारखंड के रायडीह से पकड़ा है। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
घर में मिला महिला का शव
घटना 3 सितंबर की बताई जा रही है। मृतका धनमनी बाई घर में अकेली थीं। उनके 63 वर्षीय पति मवेशियों को चराने जंगल गए हुए थे। शाम करीब 6 बजे जब वह घर लौटे तो उन्होंने पत्नी का शव घर के अंदर जमीन पर पड़ा देखा। महिला के चेहरे के दाहिने हिस्से पर धारदार हथियार से गंभीर चोट के निशान थे। घटना की जानकारी पति ने परिजनों और आस्ता थाना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने BNS की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
बेटी को परेशान करने का आरोप
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि वारदात से कुछ दिन पहले आरोपी का मृतका के घर पर विवाद हुआ था। पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि अवधेश राम मृतका की बेटी से बातचीत करना चाहता था और कथित तौर पर उससे एकतरफा प्रेम करता था। युवती ने आरोपी से संबंध रखने से इनकार कर दिया था। इसके बाद भी आरोपी के परेशान करने की बात सामने आई। मृतका धनमनी बाई ने आरोपी को अपनी बेटी से दूर रहने और उसे परेशान नहीं करने की हिदायत दी थी।
कहासुनी के बाद कुल्हाड़ी से हमला
पुलिस के अनुसार, इसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। आरोप है कि घटना के दिन आरोपी महिला के घर पहुंचा। वहां कहासुनी के बाद उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से महिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और गांव छोड़कर दूसरे राज्य में चला गया।
मोबाइल लोकेशन से झारखंड पहुंची पुलिस
हत्या के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान आरोपी पर संदेह मजबूत हुआ। पुलिस जब आरोपी के गांव कोमडो पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद साइबर और तकनीकी टीम की मदद से उसकी मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई। लोकेशन से उसके झारखंड के रायडीह में छिपे होने की जानकारी मिली।
रायडीह में दबिश देकर आरोपी गिरफ्तार
जशपुर पुलिस की विशेष टीम ने रायडीह में दबिश देकर अवधेश राम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उसे आस्ता थाने लाकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद की गई। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
