छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के नुनेरा गांव में दर्दनाक हादसा सामने आया है। तालाब में नहाने गईं तीन मासूम बच्चियां गहरे पानी में डूब गईं। हादसे में तीनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान इंदु (7 वर्ष), राखी (8 वर्ष) और साधना (8 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों बच्चियां एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में सहेलियां थीं।
काफी देर तक घर नहीं लौटीं बच्चियां
जानकारी के मुताबिक, घटना के दिन तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं। उनके परिजन अपने काम पर चले गए थे। दोपहर के समय तीनों सहेलियां तालाब में नहाने के लिए घर से निकली थीं।
जब काफी देर तक तीनों बच्चियां वापस नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोगों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पता चला कि तीनों बच्चियां तालाब की ओर गई थीं।
तालाब किनारे मिले कपड़े और चप्पल
परिजन और ग्रामीण जब तालाब के पास पहुंचे तो वहां बच्चियों के कपड़े और चप्पल मिले। इसी दौरान तालाब में इंदु का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में तलाश शुरू कर दी और पुलिस को भी घटना की सूचना दी।
बताया जा रहा है कि जिस समय तीनों बच्चियां तालाब में नहाने गई थीं, उस वक्त वहां कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। बाद में एक ग्रामीण की नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी, जिसके बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई।
पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया तलाशी अभियान
घटना की सूचना मिलने के बाद पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर बच्चियों की तलाश शुरू की।
काफी मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी तालाब से बरामद कर लिए गए। तीनों शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
डूबने से मौत की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में तीनों बच्चियों की मौत तालाब के गहरे पानी में डूबने से होने की आशंका जताई गई है। हालांकि मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। तलाशी अभियान के दौरान तीनों बच्चियों के शव बरामद किए गए और मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई। हादसे के बाद तीनों बच्चियों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घटना से स्थानीय ग्रामीण भी सदमे में हैं।
