कूनो में फिर लापता हुई मादा चीता निर्वा

कूनो में फिर लापता हुई मादा चीता निर्वा

मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता निर्वा एक बार फिर वन विभाग की निगरानी से बाहर हो गई है। पिछले चार से पांच दिनों से निर्वा के सेटेलाइट कॉलर आईडी का सिग्नल नहीं मिल रहा है। इसके बाद वन विभाग ने उसकी तलाश के लिए अभियान तेज कर दिया है। निर्वा का पता लगाने के लिए पांच टीमें जंगल में सर्चिंग कर रही हैं। 100 से अधिक वनकर्मी तलाश अभियान में जुटे हैं। संभावित इलाकों की निगरानी के लिए ड्रोन और CCTV कैमरों की भी मदद ली जा रही है।

बारिश से प्रभावित हो सकता है सेटेलाइट सिग्नल

पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ डॉ. समीता राजोरा के मुताबिक निर्वा के सेटेलाइट कॉलर से पिछले कुछ दिनों से सिग्नल नहीं मिल रहा है। उन्होंने बारिश के कारण सेटेलाइट सिग्नल प्रभावित होने की संभावना भी जताई है। अधिकारियों के अनुसार निर्वा के BHF सिग्नल मिल रहे हैं, लेकिन इसकी प्रभावी रेंज करीब 500 मीटर ही है। ऐसे में जंगल के बड़े क्षेत्र में उसकी सही लोकेशन का पता लगाना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

2023 में भी 22 दिन तक गायब रही थी लोकेशन

निर्वा के निगरानी से बाहर होने का यह पहला मामला नहीं है। जुलाई 2023 में भी उसकी लोकेशन करीब 22 दिनों तक नहीं मिल पाई थी। उस दौरान भी कॉलर आईडी से सेटेलाइट सिग्नल मिलना बंद हो गया था। बाद में करीब छह घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद निर्वा को पकड़ लिया गया था। अब दोबारा सिग्नल गायब होने से वन विभाग और कूनो प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है।

शावक मां से अलग होकर जी रहे स्वतंत्र जीवन

निर्वा के साथ उसके नर और मादा शावक भी मौजूद थे। अधिकारियों के मुताबिक अब दोनों शावक अपनी मां से अलग हो गए हैं। वन विभाग इसे वन्यजीवन की सामान्य प्रक्रिया बता रहा है। जब शावक खुद शिकार करने और अपना जीवनयापन करने में सक्षम हो जाते हैं, तो वे मां से अलग होकर स्वतंत्र रूप से रहने लगते हैं।

BHF सिग्नल से तलाश जारी

सेटेलाइट कॉलर से लोकेशन नहीं मिलने के बाद वन विभाग के लिए BHF सिग्नल महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है। हालांकि इसकी सीमित रेंज के कारण टीमों को संभावित इलाकों में लगातार सर्चिंग करनी पड़ रही है। वन विभाग की टीमें ड्रोन और CCTV की सहायता से भी निर्वा की गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि तलाश अभियान लगातार जारी है और निर्वा की लोकेशन मिलते ही आगे की जानकारी साझा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *