मध्य प्रदेश के पीथमपुर में महू-नीमच मार्ग पर रविवार को सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कांवड़ यात्रियों को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें महिला और पुरुष समेत करीब 10 श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें से चार घायलों को बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
कांवड़ यात्रा के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु विजय हनुमान कांवड़ यात्रा में शामिल होकर बोकनेश्वर महादेव मंदिर से इंडोरामा की ओर जा रहे थे।
दोपहर करीब 3:30 बजे कांवड़ियों का जत्था महू-नीमच मार्ग पर अपेरल पार्क के सामने से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कांवड़ यात्रियों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को घटना की सूचना दी।

10 श्रद्धालु घायल, 4 इंदौर रेफर
सूचना मिलते ही सेक्टर-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे में करीब 10 कांवड़ यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में महिला और पुरुष दोनों शामिल हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल चार श्रद्धालुओं को आगे के इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया।
हादसे के बाद चालक फरार, गुस्साई भीड़ ने कार फूंकी
टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो कुछ दूरी पर जाकर रुक गई। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना से नाराज कांवड़ियों और स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया। आक्रोशित लोगों ने स्कॉर्पियो में आग लगा दी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और वाहन में लगी आग पर काबू पाया।
हादसे के बाद महू-नीमच मार्ग पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी बन गई। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
