14 अप्रैल के बाद लॉकडाउन / छत्तीसगढ़ : प्रदेश और जिले की सीमाएं सील रहेंगी, बाजार और शहरों में छूट मिल सकती है

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद से करीब 12 किमी दूर ओडिशा में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद देवभोग में सड़क पर आने-जाने वाले हर व्यक्ति काे सैनिटाइज किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ का देवभोग से ओडिशा का निकटवर्ती स्थान है।
  • छत्तीसगढ़ से सटे सात राज्यों में कोरोना के अब तक 3131 मरीज सामने आए, 159  लोगों की मौत हुई
  • स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- अर्थव्यवस्था के लिए प्रदेश की सीमाएं खोलना जरूरी, पर अभी जरूरी सेवाएं ही

रायपुर. (कौशल स्वर्णबेर). छत्तीसगढ़ में कोरोना पर कंट्रोल को देखते हुए सरकार राज्य के भीतर जिलेवार आंशिक ढील दे सकती है। जिन शहरों में कोरोना का असर नहीं है वहां कुछ छूट मिल सकती है। हालांकि नए मामले सामने आने वाले जिलों में सख्ती रहेगी। संकेत हैं कि जिलों की सीमाओं को नहीं खोला जाएगा। इसके साथ ही राज्य की सीमाओं को ज्यादा सख्ती से सील किया जा सकता है।

छत्तीसगढ़ से सटे सात राज्यों में कोरोनावायरस से संक्रमित तीन हजार से ज्यादा मरीज मिल चुके हैं। इन राज्यों में अब तक 159 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है कि अर्थव्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रदेश की सीमाएं खोलना जरूरी है। इसके लिए आवश्यक सामानों की आवाजाही बनाए रखने को सीमाओं में ढील दी जा सकती है।

छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, मध्यप्रदेश, झारखंड और उत्तरप्रदेश की सीमाएं जुड़ी हैं। अकेले महाराष्ट्र में ही 1300 से ज्यादा संक्रमित हो चुके हैं। मध्यप्रदेश, तेलंगाना और उत्तरप्रदेश में मरीजों की संख्या चार सौ से अधिक हो चुकी है। छत्तीसगढ़ में भी कोरबा के कटघोरा में 10 मरीज मिलने के बाद संख्या 18 पहुंच गई है।

गरीब और मजदूरों को राहत देने के लिए कामकाज शुरू हाेंगे
गरीब और मजदूर वर्ग के लाेगाें के लिए राज्य सरकार राशन की व्यवस्था कर रही है लेकिन ऐसे सभी जरूरतमंदाें काे आर्थिक मदद के लिए सरकार सामान्य कामकाज शुरू कर सकती है। ऐसे सभी काम शुरू हाेने की संभावना है जिसमें राेजी-मजदूरी करने वाले श्रमिकाें की जरूरत हाेती है। इससे उनकी जरूरतें ताे पूरी हाेंगी, छाेटी-छाेटी दुकानाें में कामकाज में भी तेजी आएगी।

  • महाराष्ट्र में 1380 संक्रमित, 98 मौतें : महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के शुक्रवार को 16 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही राज्य में अब इस महामारी से पीड़ित लोगों की संख्या 1380 हो गई है। राज्य में अब तक 98 लोगों की मौत हो चुकी हैं।
  • यूपी में 410 संक्रमित, 4 मौतें, 15 जिले के हॉटस्पॉट सील : प्रदेश में कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 410 हो चुकी है। यहां अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। यूपी सरकार ने 15 जिलों की हॉटस्पॉट वाली जगहों को सील कर दिया है।
  • तेलंगाना में 471 संक्रमित, 12 मौतें : तेलंगाना में भी तब्लीगी जमात से लौटे लोगों के कारण संक्रमण बढ़ता जा रहा है। अभी तक यहां मरकज से लौटे 10 लोगों सहित 12 की मौत हो चुकी है। जबकि यहां कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 471 है।
  • आंध्रप्रदेश में 365 संक्रमित, 6 मौतें: आंध्रप्रदेश में कोरोना से अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं अब तक 365 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
  • मध्यप्रदेश में 447 संक्रमित, 37 मौतें : मध्य प्रदेश में कोरोना से 447 संक्रमित मरीज पाए गए हैं। जबकि इससे मरने वालों की संख्या 37 हो गई है।
  • झारखंड में 14 संक्रमित ,एक मौत : झारखंड में कोरोना वायरस ने जान लेना शुरू कर दिया है। बोकारो के गोमिया के एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की बुधवार देर रात मौत हो गई।
  • ओडिशा में 44 संक्रमित, एक मौत : ओडिशा में पहले कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 44 तक पहुंच गई है।

एक-एक कर ढील देने की जरूरत: भूपेश
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सीमाओं को सील करने के कारण ही हम अभी काफी हद तक कोरोना के प्रभाव से बचे हुए हैं। मैंने पीएम को लिखे पत्र में इसी बात का उल्लेख किया है कि सीमाओं को खोलने से पहले अच्छे से सोच विचार कर लें। यदि सीमा खोलने की नौबत आई तो एक-एक कर सीमाएं खोलेंगे ताकि आवागमन होता रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *