रविवार सुबह दान पेटी मंदिर के पास स्थित तालाब के नजदीक टूटी हुई मिली। पुजारी की शिकायत पर नादन पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात में रामायण पाठ के बाद बंद किया था मंदिर
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, बरहिया निवासी पुनेशानंद महाराज (45) पंचमुखी हनुमान मंदिर के पुजारी हैं। उन्होंने बताया कि 24 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे रामायण पाठ संपन्न होने के बाद मंदिर में ताला लगाया था। इसके बाद वह पास में स्थित अपनी कुटिया में सोने चले गए।
पुजारी के मुताबिक, सुबह मंदिर में चोरी होने की जानकारी मिली। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे और मंदिर के चैनल गेट का कुंदा टूटा हुआ पाया।
पांच चांदी के मुकुट और एक आंख गायब
मंदिर के अंदर जाकर देखने पर भगवान हनुमान के पांच चांदी के मुकुट और चांदी की एक आंख गायब मिली। मंदिर की दान पेटी भी वहां नहीं थी। इसके बाद पुजारी ने आसपास तलाश की तो तालाब के पास दान पेटी टूटी हुई मिली।
दान पेटी का ताला टूटा था और उसमें रखी दान राशि गायब थी। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को देने के बाद पुजारी ने नादन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
चोरी गए सामान की कीमत का आकलन बाकी
मंदिर से चुराए गए चांदी के मुकुट, चांदी की आंख और दान पेटी से गायब रकम की कुल कीमत का अभी आकलन नहीं हो पाया है। पुलिस चोरी गए सामान और नकदी की जानकारी जुटा रही है।
चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
पुजारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटनास्थल की जांच के साथ आरोपियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल, मंदिर में चोरी की इस वारदात को अंजाम देने वालों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस जांच के बाद ही चोरी से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो पाएगा।
