मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का ताज गंगानगर की मनिका विश्वकर्मा के नाम

जयपुर। राजस्थान की धरती ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। जयपुर में आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 प्रतियोगिता का खिताब गंगानगर की बेटी मनिका विश्वकर्मा ने अपने नाम कर लिया है। मनिका मूल रूप से राजस्थान के गंगानगर की रहने वाली हैं और वर्तमान में दिल्ली में मॉडलिंग कर रही हैं।

इससे पहले मनिका को मिस यूनिवर्स राजस्थान 2024 का ताज भी पहनाया गया था। अब वह इस साल के अंत में थाईलैंड में होने वाली 74वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

अपनी जीत पर भावुक मनिका ने कहा –
“मेरी यात्रा गंगानगर से शुरू हुई। दिल्ली में आकर मैंने प्रतियोगिता की तैयारी की। हमें अपने अंदर आत्मविश्वास और साहस जगाने की जरूरत है। यह जीत मेरे सभी मेंटर्स और समर्थकों की वजह से संभव हुई। प्रतियोगिता सिर्फ एक मंच नहीं, बल्कि यह इंसान के चरित्र का निर्माण करती है।”

कार्यक्रम में जूरी सदस्य और अभिनेत्री उर्वशी रौतेला ने भी मनिका को बधाई देते हुए कहा –
“प्रतियोगिता बेहद कठिन थी, लेकिन विजेता अब हमारे साथ हैं। यह मेरी 10वीं वर्षगांठ भी है और हमें खुशी है कि हमें हमारी विजेता मिल गई हैं। वह निश्चित रूप से मिस यूनिवर्स में भारत को गौरवान्वित करेंगी।”

पिछली विजेता मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 रिया सिंघा ने भी मनिका को शुभकामनाएं देते हुए कहा –
“मनिका ने 50 प्रतिभागियों के बीच शानदार प्रदर्शन कर यह मुकाम हासिल किया है। अब वह थाईलैंड में 130 देशों की सुंदरियों के बीच भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। मुझे विश्वास है कि वह हमें विश्व मंच पर गर्व महसूस कराएंगी।”

गंगानगर की मनिका की इस जीत से न सिर्फ उनका परिवार बल्कि पूरा राजस्थान गर्वित है। अब सबकी निगाहें थाईलैंड में होने वाली विश्व स्तरीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां मनिका भारत की शान बढ़ाने उतरेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *