मध्य प्रदेश के मालवा क्षेत्र की खूबसूरत पहाड़ियों और हरियाली के बीच रेल सफर का रोमांच एक बार फिर शुरू हो गया है। करीब नौ महीने के इंतजार के बाद पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन शनिवार से पर्यटकों के लिए दोबारा संचालित हो रही है। ट्रेन के संचालन को लेकर रतलाम मंडल ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और ट्रायल भी किया जा चुका है।
सप्ताह में तीन दिन चलेगी ट्रेन
पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन शुक्रवार, शनिवार और रविवार को चलेगी। इस सफर के दौरान पर्यटकों को पहाड़ियों, हरियाली, झरनों, पुराने पुलों और अंग्रेजकालीन बोगदों के बीच से गुजरने का मौका मिलेगा। पातालपानी में प्रसिद्ध झरने के साथ टंट्या भील मंदिर भी आकर्षण का केंद्र है। रास्ते में स्थानीय खान-पान जैसे भेल, मैगी, भुट्टा और चाट का आनंद भी लिया जा सकता है।
ट्रेन की टाइमिंग क्या है
ट्रेन सुबह 11:05 बजे पातालपानी से कालाकुंड के लिए रवाना होगी और करीब दोपहर 1:05 बजे कालाकुंड पहुंचेगी। वापसी में कालाकुंड से ट्रेन दोपहर 3:34 बजे रवाना होकर शाम 4:30 बजे पातालपानी पहुंचेगी।
विस्टाडोम कोच का किराया 265 रुपये
ट्रेन में दो विस्टाडोम और तीन नॉन-एसी चेयर कार कोच शामिल हैं। विस्टाडोम कोच में बड़े कांच के शीशे लगे हैं, जिससे यात्री पहाड़ों और घाटियों के प्राकृतिक नजारों का बेहतर आनंद ले सकते हैं।
विस्टाडोम कोच का एक तरफ का किराया 265 रुपये रखा गया है। वहीं नॉन-एसी चेयर कार में यात्रा के लिए प्रति यात्री 20 रुपये किराया निर्धारित है। विस्टाडोम कोच में बड़ी खिड़कियों के अलावा ट्रेलिंग विंडो, स्नैक्स टेबल, साइड पेंट्री और टॉयलेट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
यह भी पढ़ें:- https://mukhyadhaara.com/problems-for-railway-passengers-will-increase-18-trains-canceled-in-september-october/
नौ महीने क्यों बंद रही ट्रेन
पातालपानी-कालाकुंड मीटरगेज ट्रैक को हेरिटेज ट्रैक घोषित किए जाने के बाद इसके मेंटेनेंस और विकास कार्यों के लिए 21 नवंबर 2025 को ट्रेन का संचालन बंद कर दिया गया था। अब करीब नौ महीने बाद इसे दोबारा शुरू किया गया है। हालांकि इस बार ट्रेन के कोच पर पहले लगी हेरिटेज रूट की तस्वीरों वाली पीवीसी शीट मौजूद नहीं है। रेलवे के अनुसार इसके लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है और आने वाले समय में कोच पर दोबारा शीट लगाई जाएगी।
2018 में शुरू हुआ था हेरिटेज ट्रेन का सफर
पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन का संचालन पहली बार 25 दिसंबर 2018 को शुरू हुआ था। कुछ ही समय में यह ट्रेन मध्य प्रदेश के साथ देशभर के पर्यटकों के बीच लोकप्रिय हो गई। कोरोना महामारी के दौरान अप्रैल 2020 में इसका संचालन बंद हुआ था, जिसके बाद अगस्त 2021 में इसे बदलावों के साथ फिर शुरू किया गया।
महू से पातालपानी कैसे पहुंचें
फिलहाल महू से पातालपानी रेलवे स्टेशन तक सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है। इंदौर से पर्यटक ट्रेन या बस के जरिए महू पहुंच सकते हैं। इसके बाद पातालपानी स्टेशन तक ऑटो या निजी वाहन से जाना होगा। इसलिए हेरिटेज ट्रेन से यात्रा की योजना बनाने वाले पर्यटकों को पातालपानी स्टेशन तक पहुंचने की व्यवस्था पहले से करनी होगी।
