गिधौरी थाने के पुलिसकर्मियों और कसडोल क्षेत्र के जनपद सदस्य व्यास श्रीवास पर गंभीर आरोप: पैसे की मांग नहीं मानने पर युवक से बेरहमी से मारपीट

रायपुर। बलौदाबाजार जिले के गिधौरी थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बलौदा निवासी जितेन्द्र गोंड़ ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मियों द्वारा अवैध वसूली की रकम बढ़ाने से इनकार करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

पीड़ित ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह और व्यास श्रीवास हर महीने पुलिस को जबरन वसूली के तहत ₹50,000 रुपए देते थे। लेकिन 20 सितंबर की रात करीब 2:40 बजे रकम बढ़ाने की मांग की गई। इंकार करने पर गिधौरी थाने में पदस्थ आरक्षक अमित राय, एसआई तिलक ठाकुर, माइनिंग इंस्पेक्टर और होमगार्ड पुलिसकर्मियों ने उसे धमकाया।

जितेन्द्र गोंड़ का आरोप है कि व्यास श्रीवास के कहने पर उसे हसुवा मेन रोड स्थित ढाबे में कमरे में बंद कर लाठी-डंडे से बेरहमी से पीटा गया। इतना ही नहीं, पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान डंडा मलद्वार में डाल दिया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। उसके पैर, घुटने, हाथ की उंगली, जांघ और सिर पर चोट लगी है।

पीड़ित का कहना है कि जब वह दर्द से चिल्ला रहा था तो आरोपी पुलिसकर्मी उस पर हंस रहे थे। इसके बाद उसकी रेत से भरी हाईवा गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया। घटना के गवाहों में शिवा गेंदले, शांतनु सोनवानी और रामकुमार गोंड़ शामिल हैं।

जितेन्द्र गोंड़ ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी व्यास श्रीवास ने उसे धमकी दी थी और थाने में रिपोर्ट करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब उसने पुलिस अधीकारियों से मांग की है कि आरक्षक अमित राय, एसआई तिलक ठाकुर, संबंधित पुलिसकर्मियों और व्यास श्रीवास पर कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *