Headlines

तैयारी: बिहार में रोटेशन के तहत जून के पहले हफ्ते से चलेंगी बसें

लॉकडाउन के बाद बिहार में बस सेवा शुरू करने की भी तैयारी है। परिवहन विभाग सरकारी व निजी दोनों तरह की बसों की सेवा शुरू करने की योजना का प्रारूप तैयार कर रहा है। योजना यह है कि लॉकडाउन-4 यदि 31 मई को खत्म होता है तो जून के पहले हफ्ते से राज्य भर में हर तरह की बसें चलानी शुरू की जाएं।

राज्य के परिवहन मंत्री संतोष कुमार निराला सोमवार को विभाग के अधिकारियों के साथ में इस मामले पर  विमर्श करेंगे और बस सेवा सुचारू रूप से चलाने की योजना को अंतिम रूप देंगे। जरूरत पड़ी तो विभाग इस मामले में प्रमुख निजी बस संचालकों की भी राय लेगा। निजी बस संचालकों ने मांग की थी कि लॉकडाउन के बाद बस का परिचालन समय सारिणी के अनुसार न होकर रोटेशन के अनुसार किया जाए। बस में किसी भी हाल में ओवरर्लोंडग नहीं होगी। अगर कोई बस संचालक ओवरर्लोंडग करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

पूरे राज्य में चरणबद्ध रूप से बस सेवा शुरू होगी: परिवहन विभाग की योजना है कि पूरे राज्य में चरणबद्ध रूप से बस सेवा शुरू की जाए। एक बस से दूसरे बस के परिचालन की समय सारिणी में एक घंटे का अंतराल रखा जाए। स्टेप बाई स्टेप सबसे पहले शहरों में नगर बस सेवा शुरू हो। इसके बाद एक जिले से दूसरे जिले और एक शहर से दूसरे शहर में बस सेवा शुरू हो। अंत में लंबी दूरी की बस सेवा शुरू की जाए।मालूम हो कि राज्य में 23 मार्च से लॉकडाउन के कारण बस सेवा बंद है। यदि जून की शुरुआत से बसें चलनी शुरू होती हैं तो जहां-तहां फंसे लोग अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इधर, बस संचालकों ने भी सरकार से रियायत की मांग की है।

विभाग के सूत्रों के अनुसार बस यात्रा के दौरान यात्रियों को कोरोना वायरस संक्रमण से बचाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। यात्रा के दौरान सामाजिक दूरी का सख्ती से पालन होगा। बस अड्डा को पूरी तरह से सेनेटाइज किया जाएगा। सभी यात्रियों, बस ड्राइवर तथा कंडक्टर के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा। बस स्टॉपेज व बस अड्डा पर यात्रियों की मेडिकल स्क्र्रींनग करने के बाद ही बसों में भेजा जाएगा। यात्रियों को बस में बैठने से पूर्व और गंतव्य पर उतारने के बाद बसों को सेनेटाइज किया जाएगा।

लॉकडाउन के बाद रोटेशन के अनुसार बस परिचालन शुरू करने की योजना बन रही है। सोमवार को इस मामले पर विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक होगी।
-संतोष कुमार निराला, परिवहन मंत्री

राज्य सरकार रोटेशन के तहत बसों का परिचालन शुरू कराए। बस यात्रा में सामाजिक दूरी का सख्ती से पालन  हो और किराया कम से कम दोगुना किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *