रायपुर में दही हांडी उत्सव, B Praak करेंगे धमाल

रायपुर में दही हांडी उत्सव, B Praak करेंगे धमाल

राजधानी में कृष्ण जन्माष्टमी के दूसरे दिन 5 सितंबर को विशाल दही हांडी उत्सव का आयोजन किया जाएगा। गुढ़ियारी के अवधपुरी मैदान में होने वाले इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के साथ दूसरे राज्यों की करीब 26 गोविंदा टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण बॉलीवुड सिंगर B Praak, अंतरराष्ट्रीय भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और छत्तीसगढ़ की लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर की प्रस्तुतियां रहेंगी। आयोजन समिति के मुताबिक युवाओं और Gen-Z के बीच ये प्रस्तुतियां खास आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

शाम 4 बजे से शुरू होगा आयोजन

विशाल दही हांडी उत्सव का आयोजन 5 सितंबर को शाम 4 बजे से रात करीब 10 बजे तक किया जाएगा। छत्तीसगढ़ और दूसरे राज्यों से आने वाली गोविंदा टोलियों के लिए पंजीयन निशुल्क रखा गया है। आयोजकों के अनुसार बाहर से आने वाली टीमों के लिए आने-जाने का किराया, ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी निशुल्क रहेगी।

विजेता टीम को 10 लाख रुपए का इनाम

इस बार दही हांडी उत्सव में विजेता टीम के लिए 10 लाख रुपए का नकद पुरस्कार रखा गया है। वहीं महिला विजेता टीम को 2.5 लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा मलखंब प्रतियोगिता की विजेता टीम को भी 2.5 लाख रुपए का नकद पुरस्कार मिलेगा। प्रतियोगिता में हारने वाली टीमों को भी सांत्वना पुरस्कार के तौर पर 21 हजार रुपए दिए जाएंगे।

रायपुर के गुढ़ियारी में दही हांडी उत्सव में B Praak और लखबीर सिंह लक्खा की प्रस्तुति

26 गोविंदा टीमें लेंगी हिस्सा

आयोजन में रायपुर के अलावा दुर्ग और राजनांदगांव की गोविंदा टोलियों ने पंजीयन कराया है। छत्तीसगढ़ के बाहर से महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की टीमें भी इसमें हिस्सा लेने पहुंचेंगी।

16 साल से हो रहा दही हांडी उत्सव

दही हांडी उत्सव समिति के सहसंयोजक हेमेंद्र साहू के मुताबिक इस आयोजन की शुरुआत करीब 16 साल पहले छोटे स्तर पर हुई थी। समय के साथ आयोजन का स्वरूप बड़ा होता गया और अब इसे विशाल दही हांडी उत्सव के रूप में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में मीडिया और सनातन समाज के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।

सभी वर्गों को आमंत्रण: बसंत अग्रवाल

दही हांडी उत्सव समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने कहा कि यह एक धार्मिक आयोजन है और इसमें अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों के साथ विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और सनातन समाज के लोगों को भी आमंत्रित किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस बार B Praak की निशुल्क प्रस्तुति आयोजन का खास आकर्षण होगी। इसके साथ लखबीर सिंह लक्खा के भजनों का भी दर्शक आनंद ले सकेंगे। रायपुर में 5 सितंबर को होने वाला यह आयोजन धार्मिक उत्सव, दही हांडी प्रतियोगिता और संगीत प्रस्तुतियों का बड़ा संगम होगा, जिसमें प्रदेश के साथ दूसरे राज्यों से आने वाली गोविंदा टोलियां भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *