राजधानी के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। अश्वनी नगर स्थित गौसिया मस्जिद के पास सोमवार देर रात दो युवकों ने विवाद के बाद अहमद खान पर धारदार हथियार से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल अहमद को इलाज के लिए एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
बहस के बाद स्कूटी से भागने लगा युवक
जानकारी के मुताबिक डंगनिया निवासी अहमद खान (22) की सोमवार रात करीब साढ़े 12 बजे अश्वनी नगर की एक गली में दो युवकों से किसी बात को लेकर बहस हो गई। विवाद बढ़ने के बाद अहमद स्कूटी से वहां से निकलने लगा।
इसी दौरान उसकी स्कूटी सड़क किनारे नाली में जा गिरी और वह सड़क पर गिर पड़ा। पीछा कर रहे दोनों युवकों ने उसे जमीन पर गिरा देखा तो कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में अहमद गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
एम्स पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए एम्स अस्पताल ले गई। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की हत्या की सूचना मिलते ही DCP, ADCP और ACP समेत क्राइम ब्रांच की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। हत्या की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामूली विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
कन्हैया अग्रवाल ने उठाए पुलिसिंग पर सवाल
घटना को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने राजधानी में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि रायपुर में चाकूबाजी, हत्या, सट्टा, अवैध शराब, गांजा और जुए जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।
कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि अपराधियों में कानून का डर कम हुआ है और आम नागरिक तथा व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशे के अवैध कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने अपराधियों और अवैध कारोबारियों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो जनता की सुरक्षा और शहर की शांति के लिए कांग्रेस आंदोलन करेगी।
