Headlines

रायपुर में आज गणेश विसर्जन झांकी, शाम 6 बजे से इन रास्तों पर वाहनों की एंट्री बंद

रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी के दौरान शारदा चौक से महादेव घाट तक का प्रस्तावित मार्ग रायपुर में आज गणेश विसर्जन झांकी, शाम 6 बजे से ट्रैफिक डायवर्ट

रायपुर में सोमवार, 28 सितंबर 2026 को गणेश विसर्जन के अवसर पर झांकियां निकाली जाएंगी। झांकी का आयोजन शारदा चौक से महादेव घाट तक किया जाएगा। यातायात व्यवस्था को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।

झांकी मार्ग पर शाम 6 बजे से सभी तरह के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान झांकी में शामिल वाहनों और पैदल श्रद्धालुओं को ही मार्ग पर प्रवेश की अनुमति रहेगी।

शारदा चौक से महादेव घाट तक रहेगा रूट

झांकी शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल पहुंचेगी।

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शाम के समय इन मार्गों से गुजरने की योजना बनाने से पहले वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

इन रास्तों पर आम लोगों की एंट्री रहेगी प्रतिबंधित

झांकी के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर आम वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इनमें शामिल हैं:

  • शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक
  • आश्रम तिराहा से शारदा चौक/जयस्तंभ चौक
  • सुभाष नगर चौक-मौदहापारा से जयस्तंभ चौक
  • फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली
  • बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली
  • लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना
  • बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना
  • कंकालीपारा से सदर बाजार-कोतवाली मार्ग

इन मार्गों पर प्रतिबंध के दौरान वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों से जाने की सलाह दी गई है।

झांकियों के लिए पुरस्कार प्रतियोगिता

इस बार गणेश उत्सव के समापन पर निकलने वाली झांकियों और समितियों के लिए पुरस्कार प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। अखिल भारतीय संत समिति, शाखा छत्तीसगढ़ की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रस्तुति देने वाली समितियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिया जाएगा।

पुरस्कार राशि इस प्रकार है:

  • प्रथम पुरस्कार: 51 हजार रुपये
  • द्वितीय पुरस्कार: 31 हजार रुपये
  • तृतीय पुरस्कार: 21 हजार रुपये

झांकियों का मूल्यांकन ज्यूरी कमेटी करेगी। इसमें प्रस्तुति, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप, सजावट और अनुशासन जैसे मापदंडों को शामिल किया गया है।

सभी समितियों को किया जाएगा सम्मानित

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में शामिल सभी समितियों और झांकियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य झांकी समितियों को बेहतर प्रस्तुति के लिए प्रोत्साहित करने के साथ गणेश उत्सव से जुड़ी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना है।

समाजसेवी बसंत अग्रवाल के अनुसार, विसर्जन में शामिल सभी समितियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम की जानकारी अखिल भारतीय संत समिति, शाखा छत्तीसगढ़ की ओर से दी गई है।

झांकी रोकने और नशे पर रहेगी रोक

ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए झांकी को अनावश्यक रूप से रोकने पर रोक रहेगी। समितियों को पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स रखने और उन्हें पहचान पत्र देने के लिए कहा गया है।

झांकी में नशे का सेवन करने और हथियार या धारदार वस्तु रखने पर भी रोक रहेगी। डीजे और साउंड सिस्टम का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जा सकेगा।

श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यातायात व्यवस्था में सहयोग करें और झांकी के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *