शादीशुदा प्रेमिका को पेट्रोल डालकर जलाया, शादी न हो पाने से नाराज

शादीशुदा प्रेमिका को पेट्रोल डालकर जलाया, शादी न हो पाने से नाराज

माना थाना क्षेत्र में विवाहिता राजकुमारी साहू को पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी वीरू धीवर (26) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने महिला को आग लगाने की बात स्वीकार की। घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसी राजकुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजकुमारी से शादी करना चाहता था। महिला के अन्य लोगों से बातचीत और संपर्क में रहने तथा शादी में आ रही अड़चन को लेकर वह नाराज था। इसी नाराजगी में उसने राजकुमारी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

मोबाइल बंद कर बनाई थी वारदात की योजना

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने घटना को अंजाम देने से पहले तैयारी की थी। उसने अपना मोबाइल फोन बंद करके घर पर छोड़ दिया, ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके।

इसके बाद आरोपी ने पेट्रोल पंप से एक बोतल में पेट्रोल लिया और उसे अपनी गाड़ी की डिक्की में रख लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना स्थल से पहले से परिचित था। उसने राजकुमारी को मनाकर एयरपोर्ट के पीछे निर्माणाधीन और सुनसान रास्ते की ओर ले जाने की योजना बनाई थी।

सुनसान रास्ते पर हुआ विवाद

घटना वाले दिन आरोपी राजकुमारी को एयरपोर्ट के पीछे बरोदा गांव की ओर जाने वाले निर्माणाधीन रास्ते पर ले गया। पुलिस के अनुसार, वहां दोनों के बीच पुराने विवाद को लेकर बातचीत के दौरान बहस शुरू हो गई।

राजकुमारी के अन्य लोगों से संपर्क और उसकी शादी में आ रही अड़चन को लेकर आरोपी पहले से नाराज था। विवाद बढ़ने के बाद उसने गाड़ी की डिक्की से पेट्रोल की बोतल निकाली और महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

आग लगने के बाद राजकुमारी जान बचाने के लिए सड़क पर भागने लगी। इसी दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया।

एटीसी टावर के गार्ड ने देखा, पुलिस को दी सूचना

एयरपोर्ट के पीछे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने महिला को आग की लपटों में घिरा देखा। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया।

पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसी राजकुमारी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

2021 में सास पर हमले का भी आरोप

पुलिस जांच के अनुसार, राजकुमारी मूल रूप से समोदा क्षेत्र की रहने वाली थी। करीब आठ साल पहले उसकी शादी आरंग क्षेत्र के मोखला में हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। करीब पांच साल पहले उसका वीरू धीवर से संपर्क हुआ था, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बने।

परिवार को इसकी जानकारी होने के बाद विवाद बढ़ने लगा था। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2021 में इसी विवाद के दौरान वीरू ने राजकुमारी की सास पर भी जानलेवा हमला किया था। इस मामले में हत्या के प्रयास के आरोप में उसे जेल जाना पड़ा था।

पुलिस के अनुसार, जेल से बाहर आने के बाद भी वीरू और राजकुमारी के बीच संपर्क बना रहा।

पति से अलग रहने लगी थी राजकुमारी

पुलिस के मुताबिक, राजकुमारी अपने पति से सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार अलग होने के बाद पिछले करीब डेढ़ साल से शद्दाणी दरबार के पास स्थित एक कॉलोनी में रिश्तेदार के साथ किराए के मकान में रह रही थी।

वह घरेलू काम करती थी, जबकि उसके दोनों बच्चे अपने पिता के साथ रहते थे। पुलिस अब मामले में आरोपी से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *