इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकीकरण में सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल भारतीय एकता और अखंडता के महान शिल्पकार थे। स्वतंत्रता के बाद देश की सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर उन्होंने मजबूत और अखंड भारत की नींव रखी।

सरदार पटेल का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा : CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरदार पटेल ने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व के बल पर देश के एकीकरण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। राष्ट्र निर्माण में उनका असाधारण योगदान भारतीय इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रहित, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण है। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और देश की एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका जीवन सिखाता है कि दृढ़ संकल्प और सामूहिक प्रयास से बड़ी चुनौतियों का सामना किया जा सकता है।
एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। सरदार पटेल के विचार और आदर्श इस संकल्प को मजबूती प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल सरदार पटेल के योगदान को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने के संकल्प को दोहराने का भी दिन है। भारत की विविध भाषाएं, संस्कृतियां, परंपराएं और समुदाय उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। इन सभी को एकता के सूत्र में बांधकर आगे बढ़ना ही सरदार पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने और राष्ट्र की एकता, अखंडता व समृद्धि में योगदान देने की अपील की। उन्होंने सशक्त, समरस और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान भी किया।

राज्यपाल रमेन डेका ने लोकभवन में दी श्रद्धांजलि
राज्यपाल रमेन डेका ने भी सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर लोकभवन में उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने अखंड भारत के निर्माण और राष्ट्रीय एकीकरण में सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार श्रीमती सत्यभामा अजय दुबे और लोकभवन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर दोनों नेताओं ने सरदार पटेल के विचारों और आदर्शों को याद करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।
