शेयर बाजार में सोमवार को कारोबार के दौरान जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शुरुआती बढ़त के बाद सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में पहुंच गए। सेंसेक्स ने एक ही कारोबारी सत्र में पहले 200 से ज्यादा अंकों की तेजी और फिर 200 से ज्यादा अंकों की गिरावट दर्ज की। दोपहर करीब सवा एक बजे तक बीएसई सेंसेक्स 292 अंक टूटकर 77,248 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 84 अंक गिरकर 24,167 के आसपास कारोबार करता नजर आया।
पहले तेजी, फिर बाजार ने गंवाई पूरी बढ़त
सोमवार को सावन के अंतिम सोमवार के मौके पर घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत सकारात्मक रही। सेंसेक्स करीब 88 अंकों की बढ़त के साथ 77,629 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी ने भी 33 अंकों की तेजी के साथ 24,285 के स्तर से कारोबार शुरू किया। शुरुआती कारोबार में बाजार की तेजी और मजबूत हुई। सेंसेक्स करीब 235 अंक चढ़कर 77,776 के स्तर तक पहुंच गया। निफ्टी भी करीब 57 अंकों की बढ़त के साथ 24,310 तक पहुंचा। इसके बाद बाजार में बिकवाली हावी हो गई और शुरुआती सारी बढ़त खत्म हो गई।
सेंसेक्स के टॉप गेनर और लूजर
तेजी के दौर में इन्फोसिस, टाटा स्टील और एचसीएल टेक सेंसेक्स के प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में रहे। इन्फोसिस में करीब 1.60 प्रतिशत, टाटा स्टील में 1.18 प्रतिशत और एचसीएल टेक में करीब 1 प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गई। वहीं गिरावट के दौरान बीईएल, अडानी पोर्ट्स, एक्सिस बैंक और पावर ग्रिड सेंसेक्स के प्रमुख कमजोर शेयरों में शामिल रहे।
ग्लोबल बाजार से मिले मिले-जुले संकेत
एशियाई बाजारों से भी भारतीय बाजार को पूरी तरह मजबूत संकेत नहीं मिले। एमएससीआई एशिया-प्रशांत सूचकांक करीब 0.1 प्रतिशत नीचे रहा। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 1.66 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। जापान का निक्केई 225 करीब 0.49 प्रतिशत नीचे रहा, जबकि टॉपिक्स में 0.16 प्रतिशत की बढ़त रही। हैंग सेंग फ्यूचर्स भी करीब 0.5 प्रतिशत कमजोर रहे।
GIFT Nifty ने दिए थे सकारात्मक संकेत
कारोबार शुरू होने से पहले GIFT Nifty करीब 24,329.50 के स्तर पर था। यह निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद स्तर से करीब 43.50 अंक ऊपर था। इससे भारतीय शेयर बाजार में सकारात्मक शुरुआत के संकेत मिल रहे थे।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भी सोमवार को गिरावट देखने को मिली। निवेशकों ने ईरान को लेकर अमेरिका की संभावित घोषणा से पहले मुनाफावसूली की।
