ऑस्कर 2021 के लिए दो दिन पहले ही फाइनल नॉमिनेशंस का ऐलान किया गया है। नॉमिनेशंस का ऐलान प्रियंका चोपड़ा और उनके पति निक जोनास ने वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर किया। हालांकि, इन दोनों के नॉमिनेशंस का ऐलान करने पर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने ऐतराज जाहिर किया है। ऑस्ट्रेलिया के एक जर्नलिस्ट ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मुझे नहीं पता इन दोनों का फिल्मों में क्या योगदान है, जो ये ऑस्कर नॉमिनेशंस का ऐलान कर रहे हैं।
प्रियंका चोपड़ा ने इस यूजर को रिप्लाई किया कि इस बारे में आपके विचार जानकर खुशी होगी कि किसी को काबिल क्या चीज बनाती है। यहां मेरी 60 प्लस फिल्मों की लिस्ट है आपके विशेष ध्यानार्थ। इसके बाद यूजर ने जवाब दिया- मैं मानता हूं कि उनका काम काफी अच्छा है और मैं इस बारे में पूरी तरह कुछ नहीं जानता था। हां, हॉलीवुड में उनका योगदान बहुत कम है। अभी भी मुझे इस बात का स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है कि उनके पति का योगदान क्या है। आखिरकार ये ऑस्कर्स हैं। जहां तक प्रियंका की बात है, वे बहुत सफल और चतुर महिला हैं।
इस चैट के वायरल होने के बाद प्रियंका के समर्थकों ने ऑस्ट्रेलियन यूजर को ट्रोल करना शुरू कर दिया। इसके बाद इस यूजर ने अपने अकाउंट को प्राइवेट मोड में डाल दिया।
23 कैटेगरी में हुए थे नॉमिनेशंस के ऐलान
15 मार्च को ऑस्कर 2021 के फाइनल नॉमिनेशंस का ऐलान किया गया था। ये 23 कैटेगरी में किए गए थे। इनमें नेटफ्लिक्स की मैंक को सबसे ज्यादा 10 नॉमिनेशन मिले हैं। नॉमिनेशंस में द व्हाइट टाइगर का भी नाम है। इस फिल्म को प्रियंका चोपड़ा ने को-प्रोड्यूस किया है। बेस्ट फिल्म कैटेगरी में द फादर, जूडस एंड द ब्लैक मसीहा, मैंक समेत 8 फिल्में नॉमिनेट की गई हैं।

