वक्फ बिल पर संसद में समर्थन करने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) में इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। अब तक दो मुस्लिम नेताओं ने नीतीश का साथ छोड़ते हुए जेडीयू से इस्तीफे की घोषणा कर दी है। इनमें पूर्वी चंपारण के मोहम्मद कासिम अंसारी और जमुई से नवाज मलिक का नाम शामिल है। हालांकि, जेडीयू ने इस पर सफाई देते हुए इन दोनों के पार्टी के पदाधिकारी होने से इनकार कर दिया।
पूर्वी चंपारण में जेडीयू के चिकित्सा प्रकोष्ठ का अध्यक्ष होने का दावा करने वाले मोहम्मद कासिम अंसारी ने गुरुवार को पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने वक्फ बिल का समर्थन करने के जेडीयू के रुख की आलोचना की। इस संबंध में कासिम ने जेडीयू अध्यक्ष सह बिहार के सीएम नीतीश कुमार को पत्र लिखा। इसमें उन्होंने कहा कि वक्फ बिल पर समर्थन करके जेडीयू ने लाखों मुसलमानों का भरोसा तोड़ दिया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के लोकसभा में दिए भाषण पर भी निराशा जताई।

