बदायूं पहुंची चंद्रमुखी देवी ने कहा कि सरकार रेप जैसे मामलों में बहुत सख्त है. लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटनाएं घटित हो जा रही हैं. सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात इस मामले में पुलिस की भूमिका है. मैं पुलिस की भूमिका से संतुष्ट नहीं हूं.
उत्तर प्रदेश के बदायूं में महिला के साथ गैंगरेप के बाद हत्या की घटना ने देश को झकझोर कर रख दिया है. राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस घटना का संज्ञान लिया और गुरुवार को आयोग की सदस्य चंद्रमुखी देवी बदायूं पहुंचीं. चंद्रमुखी देवी पुलिस की भूमिका से नाखुश दिखीं, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने महिला के घर से बाहर निकलने के समय पर ही सवाल उठा दिए.
चंद्रमुखी देवी ने महिलाओं के घर से बाहर निकलने के समय और किसके साथ जाएं, इस पर भाषण दे दिया. उन्होंने कहा कि महिलाओं को कभी भी किसी के प्रभाव में समय-असमय नहीं पहुंचना चाहिए. अगर शाम के समय वो महिला नहीं गई होती या परिवार का कोई सदस्य साथ में होता तो शायद ऐसी घटना नहीं घटती, लेकिन ये सुनियोजित था, क्योंकि उसको फोनकर बुलाया गया. वो वहां गई. चंद्रमुखी देवी अपने इस बयान पर घिर गईं. विवाद बढ़ने के बाद उन्हें अपना बयान वापस लेना पड़ा.
