राजधानी के रईसजादों का ड्रग्स कल्चर (Drug Culture) बिलासपुर के बाद दुर्ग-भिलाई में भी मिला है। यहां भी ड्रग पैडलर्स (Drug Paddlers) कोकीन और ब्राउन शुगर की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने शुक्रवार की रात रायपुर निवासी आशीष जोशी को भिलाई से पकड़ा था। पूछताछ में आशीष ने दुर्ग-भिलाई में ड्रग्स तस्करी करना स्वीकार किया है। इसके अलावा बिलासपुर से पुलिस ने एक ड्रग पैडलर गौरव शुक्ला को गिरफ्तार किया। इस तरह अब तक कुल 11 ड्रग्स पैडलर्स गिरफ्तार हो चुके हैं। आधा दर्जन अन्य पैडलर्स की तलाश की जा रही है।
बिलासपुर पुलिस की एक टीम भी रायपुर पहुंची और कोकीन तस्कर मिन्हाज मेमन और अभिषेक शुक्ला से कई घंटों पूछताछ की। दोनों के बिलासपुर में अन्य नेटवर्क की तलाश की जा रही है। सबसे ज्यादा 8 ड्रग पैडलर्स बिलासपुर से ही पकड़े गए हैं। पुलिस आरोपियों के पास मिले मोबाइल के कॉल डिटेल खंगाल रही है। बता दें कि 30 सितंबर को पुलिस ने बैरन बाजार में कोकीन बेचते हुए श्रेयांश झाबक और विकास बंछोर को गिरफ्तार किया था।

