सीएम भूपेश बघेल ने कहा:कानून लागू हुआ नहीं और नागपुर में बन गया अदानी का गोदाम, जमाखोरी कर अपने मुताबिक रेट तय करेंगे मोदी के उद्योगपति मित्र

कृषि कानून के विरोध में कांग्रेस का वर्चुअल प्रदर्शन

कृषि कानून के विरोध में सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि अभी कृषि कानून लागू भी नहीं हुआ है आैर नागपुर में उनके उद्योगपति मित्र अदानी का एक लाख टन का गोदाम बनकर तैयार हो गया है। यानी अनाज आएगा, सस्ते दर में खरीदकर वहां रखेंगे और अपने हिसाब से रेट तय होगा।

 

सीएम ने कहा कि कोरोना के कारण पीएम मोदी ने सांसदों के तनखे में कटौती कर दिया। हमने तो विधायकों की राशि बढ़ा दी। बोनस भी नहीं रोका। तीसरा किस्त 1 नवंबर को पैसा मिलेगा। 14 को दिवाली है। अभी गोधन न्याय योजना शुरू की हैं। दो माह में तीस करोड़ रुपए गरीबों के खाते में पहुंच गया है।

 

कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि इस कानून से धान खरीदी, चावल वितरण को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। मो. अकबर ने कहा कि काले अंग्रेज हमें अपने किसी भी नियम-कानून से नहीं डरा सकते। कार्यक्रम के अंत में पेंड्रा नगर पंचायत के अध्यक्ष और भाजपा नेता राकेश जालान और दो पार्षद प्रेमवती कोल, पारस चौधरी ने कांग्रेस प्रवेश किया।

 

इस सम्मेलन को पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम, मंत्री कवासी लखमा,अमरजीत भगत, शिव डहरिया, ताम्रध्वज साहू, धनेन्द्र साहू, महापौर एजाज ढेबर ने भी संबोधित किया। वहीं कार्यक्रममें मंत्री जयसिंह अग्रवाल, गुरु रुद्रकुमार, प्रेमसाय सिंह टेकाम, विधायक कुलदीप जुनेजा,विकास उपाध्याय,राजेन्द्र तिवारी, गिरीश देवांगन, शैलेष नितिन त्रिवेदी, राजेश तिवारी, प्रमोद दुबे, हर्षद मेहता, रमेश वर्ल्यानी, दीपक कुमार दुबे,घनश्याम राजू तिवारी, विकास तिवारी, गिरीश दुबे, इदरीश गांधी, अमर गिदवानी समेत अनेक नेता भी माैजूद थे।

 

विरोध नहीं करेंगे तो देश को बर्बाद कर देंगे: सिंहदेव

 

पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि किसानों पर कानून को थोपा जा रहा है। इसका विरोध नहीं करेंगे तो ये लोग देश को बर्बाद कर देंगे। किसानों-मजदूरों की रोजी-रोटी को बचाने के लिए हमें इसका विरोध करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह कानून केवल उद्योगपतियों को लाभ पहुंचायेंगे।

 

भाजपा के सहयोगी दल भी विरोध में: पुनिया

 

भाजपा के पास संख्याबल नहीं था जिसके बाद एक दिन में 8 कानून पास कराकर रिकार्ड बना दिया। सदन के भीतर भाजपा ने पूरी तरह ड्रामा किया गया। इसका विरोध केवल विपक्ष ही नहीं कर रहा है बल्कि उनके दल से जुड़े नेता भी इसका विरोध कर रहे हैं।

 

कृषि कानून के विरोध में पत्रिका का विमोचन

 

संचार प्रमुख शैलेष नितिन त्रिवेदी ने बताया कि कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने तीनों कानूनों पर एक पुस्तिका का विमोचन किया। इस पुस्तिका में उन सभी सवालों के जवाब है जो किसानों, मजदूरों और आम जनता में उठ रहे हैं। इसमें बताया गया है कि कांग्रेस इसका विरोध क्यों कर रही है और क्यों जनता को इन काले कानूनों का विरोध करना चाहिए। इसमें मोदी के कई कार्टून लगाए गए हैं। इसकी लाखों प्रतियां प्रदेश में बंटवाई जाएगी।