कर्नाटक विधानसभा में कांग्रेस के विधायक केआर रमेश कुमार ने अपने आपत्तिजनक बयान पर माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि अगर इससे महिलाओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो मुझे माफी मांगने में कोई दिक्कत नहीं है। मैं तहे दिल से माफी मांगता हूं। इस मामले पर स्पीकर वीएच कागेरी ने कहा है कि विधायक ने माफी मांग ली है, अब इस मुद्दो को तूल ना दें।
आपको बता दें कि जिस समय कांग्रेस विधायक शर्मनाक बयान दे रहे थे उस समय स्पीकर सहित कई विधायक हंस रहे थे। किसी ने ना तो उनके बयान पर आपत्ति जताई और ना कि किसी ने उनका विरोध किया।
बेंगलुरु से लगभग 505 किलोमीटर दूर बेलगावी में चल रहे शीतकालीन सत्र में बोलते हुए विधानसभा अध्यक्ष से रमेश कुमार ने कल कहा था कि आपकी स्थिति उस कहावत की तरह है कि रेप को रोक नहीं सकते तो लेटकर उसका आनंद लीजिए। रमेश कुमार के लिए ऐसा पहली बार नहीं है जब उन्होंने इस तरह की टिप्पणी की है। दो साल पहले भी बलात्कार के मुद्दे पर वो इस तरह की टिप्पणी कर चुके हैं।
दरअसल, गुरुवार को कांग्रेस के नेता राज्य में बारिश से हुए नुकसान पर बोलने के लिए समय मांग रहे थे लेकिन, स्पीकर विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी उसको टालने की कोशिश कर रहे थे। स्पीकर ने विधायकों से कहा कि जैसा चल रहा है चलने दें और स्तिति का आनंद लें। मैं व्यवस्था को कंट्रोल नहीं कर सकता।
अध्यक्ष की ओर से इतना कहने पर कांग्रेस विधायक रमेश कुमार ने उनको जवाब देते हुए कहा कि ‘एक कहावत है कि जब दुष्कर्म अपरिहार्य हो तो लेट जाओ और इसका आनंद लो। आप ठीक इसी स्थिति में हैं।’

