उत्तरप्रदेश- जीएसटी विजिलेंस टीम के निशाने पर आए इत्र कारोबारी पीयूष जैन के कन्नौज स्थित घर पर बरामद हुई रकम की अब गिनती शुरू हो गई है। कानपुर की ही तर्ज़ पर यहां भी एसबीआई की टीम सोमवार की सुबह नोट गिनने वाली तीन मशीन लेकर पीयूष जैन के मकान पर पहुंची है। पीयूष जैन के घर में भी दो दिन पहले उसकी खुद की ही नोट गिनने वाली एक मशीन पहले ही मिली थी। अब उन सभी मशीनों की मदद से नोट गिनने का काम शुरू हो चुका है।
अभी तक जांच अफसरों को 500 चाबियां मिलीं लेकिन ताले 109 हैं। 257 करोड़ कैश, 125 किलो सोना और अरबों की संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं। डीजीजीआई के छापे में अभी तक करीब 1000 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा हो चुका है।
500 चाबियां, 18 लॉकर, खोलने में छूट गए पसीने
डीजीजीआई अफसरों को कन्नौज स्थित परिसरों से 500 चाबियां मिली हैं। ताले खोलने में विजिलेंस टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। पहले चार घंटे तक चाबियों को लगाया गया लेकिन असफल रहने पर एक दर्जन कारीगरों को बुलाकर ताला तोड़ने में मदद ली गई। कारीगरों को अलग-अलग जगहों से लाया गया। जिनके ताले नहीं टूटे, उन्हें कटर से कटवाया गया।

