रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में बुधवार तड़के एक भीषण अग्निकांड से अफरा-तफरी मच गई। देर रात करीब 1 बजे हार्डवेयर की एक दुकान में लगी आग कुछ ही देर में विकराल रूप लेती हुई ऑक्टोपस बार समेत आसपास की चार दुकानों तक फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग घरों और होटल से बाहर निकलकर जान बचाने को मजबूर हो गए।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 13 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में कई दुकानें और कुछ वाहन जलकर खाक हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हार्डवेयर की दुकान से शुरू हुई आग
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जानकारी में आग की शुरुआत एक हार्डवेयर दुकान से हुई। देखते ही देखते आग ने बगल में स्थित ऑक्टोपस बार और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में ले लिया।
तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि आग बेहद भीषण थी। लगातार बारिश होने के बावजूद आग पर नियंत्रण पाने में काफी समय लगा। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।
होटल में ठहरे लोगों ने भागकर बचाई जान
आग की लपटें पास के होटल तक भी पहुंच गईं, जिससे वहां ठहरे लोगों में दहशत फैल गई। होटल में मौजूद लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि अधिकांश लोग अपना सामान तक नहीं निकाल सके।
कई दुकानें और वाहन हुए राख
इस भीषण अग्निकांड में ऑक्टोपस बार समेत चार दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं, आसपास खड़े कुछ वाहन भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गए। सुबह तक कई जगहों से धुआं उठता रहा और दमकल कर्मी आग को पूरी तरह बुझाने में जुटे रहे।
13 दमकलों ने घंटों तक चलाया राहत अभियान
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कुल 13 दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। सुबह तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहे।
आग लगने के कारणों की होगी जांच
प्रशासन ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हैं। शुरुआती जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से लगी। नुकसान का आकलन भी जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।
