पेट्रोल, डीजल, एलपीजी की कीमत बढ़ी तो कजाकिस्तान की सड़कों पर खून बहने लगा। खबरों के अनुसार, कजाकिस्तान के सबसे बड़े शहर में प्रदर्शनकारियों ने बुधवार को राष्ट्रपति निवास और मेयर कार्यालय पर धावा बोल दिया और दोनों में आग लगा दी। मध्य एशियाई राष्ट्र में ईंधन की कीमतों में वृद्धि के कारण प्रदर्शनों में तेजी आई। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प में दर्जनों लोग मारे गए। मरने वालों में 18 पुलिसकर्मी हैं। इस झड़प में एक हजार से ज्यादा लोग घायल हो गए। साथ ही 2000 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है।
बता दें सबसे सस्ता पेट्रोल बेचने वाले मुल्कों में 9वें स्थान पर कजाकिस्तान का नाम है। यहां एलपीजी की कीमतें रातों-रात लगभग दोगुनी होकर 120 टेन्ज (20.47 रुपये) प्रति लीटर हो गईं। जबकि, globalpetrolprices.com के ताजा आंकड़ों के मुताबिक यहां एक लीटर पेट्रोल की कीमत 34.07 रुपये से बढ़कर 34.84 रुपये हो गया है। बता दें दुनिया भर में रसोई गैस की औसत कीमत 58.37 भारतीय रुपया प्रति लीटर है।
