छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी भर्ती सामने आई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज (CSPC) ने कुल 1235 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। इस भर्ती में तकनीकी के साथ गैर-तकनीकी पद भी शामिल किए गए हैं। सहायक अभियंता (AE), कनिष्ठ अभियंता (JE), प्लांट अटेंडेंट और डाटा एंट्री ऑपरेटर समेत कई पदों पर उम्मीदवारों को नियुक्ति का मौका मिलेगा।
तीनों पावर कंपनियों में होगी भर्ती
CSPC की इस भर्ती अभियान के तहत राज्य की तीन प्रमुख पावर कंपनियों में अलग-अलग पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी शामिल हैं।इसके अलावा तीनों कंपनियों के कॉमन कैडर के लिए भी अलग से पद रखे गए हैं। इस तरह विभिन्न क्षेत्रों में योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए नौकरी के कई विकल्प उपलब्ध होंगे।
जनरेशन कंपनी में 547 पद
1235 पदों वाली इस भर्ती में सबसे ज्यादा वैकेंसी छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी में है। यहां कुल 547 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।वहीं, स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी में 96 पद और स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में 415 पद निर्धारित किए गए हैं। तीनों पावर कंपनियों के कॉमन कैडर में 177 पद शामिल हैं।इस तरह भर्ती के तहत कुल 1235 पद भरे जाएंगे।
AE और JE समेत कई पदों पर मौका
भर्ती में इंजीनियरिंग क्षेत्र से जुड़े उम्मीदवारों के लिए असिस्टेंट इंजीनियर (AE) और जूनियर इंजीनियर (JE) जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। इसके अलावा प्लांट अटेंडेंट और डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।इतना ही नहीं, मेडिकल, फायर, कानून, वित्त और सुरक्षा से जुड़े पद भी भर्ती प्रक्रिया का हिस्सा हैं। इनमें चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फायर ऑफिसर, फायर स्टाफ, विधि एवं वित्त से संबंधित पद शामिल बताए गए हैं।
तकनीकी के साथ गैर-तकनीकी पद भी
CSPC की 1235 पदों की भर्ती सिर्फ इंजीनियरिंग उम्मीदवारों तक सीमित नहीं है। अलग-अलग क्षेत्रों के लिए तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों तरह के पद रखे गए हैं।इससे इंजीनियरिंग, मेडिकल, कानून, वित्त, सुरक्षा और अन्य संबंधित योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों के लिए भी अवसर बनता है। हालांकि, प्रत्येक पद के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अनुभव की शर्तें अलग-अलग हो सकती हैं।
आवेदन से पहले इन बातों का रखें ध्यान
उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, अनुभव, आवेदन शुल्क, चयन प्रक्रिया और अन्य पात्रता शर्तों की आधिकारिक जानकारी जरूर जांचनी चाहिए।भर्ती की आवेदन प्रक्रिया, महत्वपूर्ण तिथियों और पदवार योग्यता से जुड़ी विस्तृत जानकारी उम्मीदवारों को CSPC के आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में देखनी चाहिए। 1235 पदों की यह भर्ती छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अवसर है।
