नागपुर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुलताई के पास शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं। हादसा करीब सुबह 3:30 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दर्शन के लिए सीहोर जा रहे थे श्रद्धालु
पुलिस के अनुसार कार में सवार सभी लोग महाराष्ट्र के नागपुर के पास बूटीबोरी कोल माइंस क्षेत्र के रहने वाले थे। सभी लोग कार क्रमांक MH 49 C 4756 से सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इसी वजह से सड़क किनारे खड़ा ट्रक चालक को दिखाई नहीं दिया और कार सीधे उसके पीछे जा टकराई। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पति-पत्नी समेत तीन की मौत
हादसे में 42 वर्षीय दीपक और उनकी 40 वर्षीय पत्नी छाया की मौत हो गई। तीसरी मृत महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुलताई अस्पताल भेज दिया है।
9 घायल, 6 को नागपुर किया गया रेफर
दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को मुलताई के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया। घायलों में नैतिक, उज्ज्वला, नीता, अनुष्का, संगीता, शंभु, नंदन, प्रज्ज्वल और सौरभ शामिल हैं।
टक्कर में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला पहिया टूटकर अलग हो गया और आगे की सीट पीछे की ओर खिसक गई। कार की छत को भी भारी नुकसान पहुंचा। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों और राहत दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
