कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने करोड़ों सब्सक्राइबर्स के लिए PF से जुड़ी जानकारी हासिल करना आसान बनाने के लिए नई WhatsApp सर्विस शुरू की है। अब कर्मचारियों को अपना PF बैलेंस चेक करने, पासबुक की जानकारी देखने और खाते में हुए हालिया ट्रांजैक्शन जानने के लिए बार-बार EPFO की वेबसाइट पर जाने की जरूरत नहीं होगी। वे सीधे WhatsApp के जरिए अपने मोबाइल पर ये जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे।
इस सुविधा के तहत कर्मचारी अपने उपलब्ध PF बैलेंस के साथ EPF पासबुक और खाते में हुए पिछले पांच ट्रांजैक्शन की डिटेल्स भी देख सकते हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) से जुड़ी पात्रता और जरूरी प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी मिलेगी। आइए जानते हैं WhatsApp से PF बैलेंस चेक करने का आसान तरीका।
WhatsApp पर ऐसे चेक करें PF बैलेंस
EPFO की इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए कर्मचारियों को अपने WhatsApp अकाउंट से EPFO के आधिकारिक नंबर पर मैसेज भेजना होगा। इसके लिए इन स्टेप्स को फॉलो करें:
- सबसे पहले अपने मोबाइल में WhatsApp ओपन करें।
- सर्च में EPFO का WhatsApp नंबर +91 8796441800 दर्ज करें।
- EPFO के वेरिफाइड अकाउंट को खोलें।
- अब इस नंबर पर ‘Hi’ लिखकर मैसेज भेजें।
- इसके बाद स्क्रीन पर दिखाई देने वाले निर्देशों को फॉलो करें।
- उपलब्ध विकल्पों में से PF बैलेंस, पासबुक डिटेल्स या हाल के ट्रांजैक्शन की सर्विस चुनें।
- अपनी जरूरत के अनुसार विकल्प चुनकर संबंधित जानकारी प्राप्त करें।
WhatsApp सर्विस पर मिलेंगी ये 4 सुविधाएं
EPFO की नई WhatsApp सर्विस के जरिए कर्मचारियों को PF से जुड़ी चार प्रमुख सुविधाएं मिलेंगी।
- PF बैलेंस: कर्मचारी अपने PF खाते में उपलब्ध बैलेंस की जानकारी देख सकेंगे।
- EPF पासबुक: खाते में जमा होने वाले PF योगदान और पासबुक से जुड़ी डिटेल्स हासिल कर सकेंगे।
- पिछले 5 ट्रांजैक्शन: PF खाते में हुए हालिया पांच लेनदेन की जानकारी WhatsApp पर मिल सकेगी।
- PMVBRY असिस्टेंस: प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना से जुड़ी पात्रता और जरूरी प्रक्रिया के बारे में व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे।
अब PF से जुड़ी जानकारी पाना होगा आसान
EPFO की इस पहल से कर्मचारियों को PF खाते की सामान्य जानकारी हासिल करने के लिए वेबसाइट पर लॉगिन करने की जरूरत कम होगी। WhatsApp के जरिए बैलेंस, पासबुक और हालिया ट्रांजैक्शन की जानकारी मिलने से मोबाइल पर ही जरूरी विवरण देखना आसान हो जाएगा।
