अंबिकापुर। धान बुवाई के बाद छत्तीसगढ़ में खाद की उपलब्धता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने अंबिकापुर में खाद गोदामों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को समय पर, पर्याप्त मात्रा में और निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराई जाए। साथ ही साफ कहा कि खाद की कालाबाजारी या अनियमितता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं
निरीक्षण के बाद कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश और विशेष रूप से सरगुजा संभाग में खाद का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि शुरुआती दिनों में खाद की कमी को लेकर जो भ्रम फैलाया गया था, उसके विपरीत सरकार लगातार किसानों तक पर्याप्त मात्रा में खाद पहुंचा रही है।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि किसी भी किसान को खाद के लिए भटकना न पड़े और वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी रहे।
रामविचार नेताम ने बताया कि इस बार संभावित कम बारिश को ध्यान में रखते हुए विभाग ने पहले से रणनीति तैयार की थी। किसानों को कम अवधि में तैयार होने वाली धान की किस्मों के लिए प्रोत्साहित किया गया और खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एनपीके और नैनो खाद का भी पर्याप्त प्रबंध किया गया।
कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कहीं भी खाद की कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूलने या वितरण में अनियमितता की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने दावा किया कि खाद से जुड़े मामलों में इस वर्ष राज्य सरकार ने सबसे अधिक कार्रवाई की है, ताकि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने पर सरकार का जोर
कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों को खेती के महत्वपूर्ण समय में बिना किसी बाधा के खाद उपलब्ध कराना है। इसके लिए जिला स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और अधिकारियों को वितरण व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
