रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के रायपुर दौरे के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। पहले उनका रायपुर दौरा 9 अक्टूबर को प्रस्तावित था, लेकिन अब वे 12 अक्टूबर 2026 को रायपुर पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान रेल मंत्री रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के 42वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे।
रेल मंत्री के आगमन को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन स्थल से लेकर रायपुर रेलवे स्टेशन तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम चल रहा है।
RPF स्थापना दिवस समारोह की तैयारियां तेज
रेल मंत्री के दौरे को लेकर RPF जवानों की परेड की नियमित रिहर्सल कराई जा रही है। रेलवे के अधिकारी आयोजन स्थल और आसपास की व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।
समारोह के दौरान रेल मंत्री RPF जवानों की परेड और तैयारियों का निरीक्षण करेंगे। इसे देखते हुए रेलवे प्रशासन समारोह को व्यवस्थित और यादगार बनाने में जुटा है।
रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म-1 पर निर्माण कार्य
रेल मंत्री के दौरे के बीच रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर नए फुटओवर ब्रिज के लिए लिफ्ट लगाने का काम भी चल रहा है। प्लेटफॉर्म की ओर क्रेन से निर्माण कार्य किए जाने के कारण यात्रियों के आवागमन के लिए उपलब्ध जगह प्रभावित हुई है।
ट्रेन आने और जाने के समय यात्रियों की भीड़ बढ़ने पर कुछ परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे प्रशासन निर्माण कार्य के साथ यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने पर भी ध्यान दे रहा है।
खमतराई ब्रिज के आसपास भी तैयारियां
दौरे को देखते हुए खमतराई ब्रिज के दोनों तरफ पर्दादारी की गई है। आसपास की गुमटियों और ठेलों को भी बंद कराया गया है। DRM कार्यालय से आयोजन स्थल तक सजावट और अन्य व्यवस्थाओं का काम जारी है।
खमतराई ओवरब्रिज के दोनों ओर रंगीन पर्दे लगाने के लिए बांस-बल्लियां लगाई गई हैं। रेलवे इंस्टीट्यूट के पास से रेल मंत्री के मंच तक मैदान में सीसी रोड का काम पूरा हो चुका है। ग्राउंड के चारों तरफ मुरम की सड़क तैयार करने का काम भी चल रहा है।
शहर में RPF बैंड दे रहा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति
RPF स्थापना दिवस के कार्यक्रम को लेकर शहर के अलग-अलग स्थानों पर RPF बैंड पार्टी की प्रस्तुतियां भी आयोजित की जा रही हैं। मंगलवार को भाठागांव बस स्टैंड में RPF बैंड ने लोकप्रिय और देशभक्ति गीतों की धुनें पेश कीं।
