जयस्तंभ चौक पर 4 लड़कों ने व्यापारी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी; कहा- घूरकर क्यों देख रहा है और कार से बाहर खींच लिया

  • गोलबाजार क्षेत्र में शहर के सबसे व्यस्त और मुख्य चौक पर देर शाम हुई वारदात
  • कोंडागांव का व्यापारी खरीदारी करने आया था, ट्रैफिक सिग्नल पर रोकी थी गाड़ी

शहर के व्यस्त इलाके जयस्तंभ चौक पर चार युवकों ने एक व्यापारी को चाकू मार दिया और भाग निकले। व्यापारी ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ा था, इसी दौरान युवकों ने उसे ‘घूरकर क्यों देख रहा है’ कहते हुए कार से बाहर खींच लिया। व्यापारी को गंभीर हालत में मेकाहारा में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। मामला गोलबाजार थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, कोंडागांव निवासी इसरार अहमद अपने साथियों के साथ खरीदारी करने रायपुर आया था। वह सोमवार देर शाम मालवीय रोड से खरीदारी करने के बाद जयराम काॅम्प्लेक्स जा रहा था। इस दौरान सिग्नल नहीं होने के कारण रवि भवन की ओर रुक गया। सड़क के दूसरी ओर चश्मे की दुकान पर 4 युवक खड़े थे।

सीसीटीवी में बांस टाल की ओर भागते दिखे आरोपी
इसरार उन्हें देख रहा था। अचानक चारों युवक दौड़कर आए और इसरार को कार से बाहर निकाल लिया। इसके बाद घूरकर देखता है, कहते हुए विवाद करने लगे। एक युवक ने चाकू निकाला और पेट में दो बार हमला कर दिया। सीसीटीवी में आरोपी बांस टाल की ओर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटनास्थल से कुछ दूरी पर पुलिसकर्मी तैनात थे।